अलग अलग क्षेत्र में दो स्कूली छात्रा ने की खुदकुशी, वैधानिक…- भारत संपर्क
कोरबा। जिले में एकाएक नाबालिगों के आत्महत्या की घटना बढ़ गई है। एक बार फिर महज कुछ ही घंटे के भीतर अलग अलग क्षेत्र में दो स्कूली छात्रा ने खुदकुशी कर ली। एक छात्रा ने अपने ही घर के म्यांर तो दूसरी ने तालाब किनारे कोसम पेड़ में फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों ही मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पहली घटना कोतवाली अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 इंदिरा नगर दुरपा रोड में घटित हुई। बताया जा रहा है कि बस्ती में दिलीप केंवट निवास करता है। वह राजमिस्त्री का काम कर दो पुत्र और इकलौती पुत्री अंजली केंवट 17 वर्ष का पालन पोषण कर रहा था। अंजली एक निजी विद्यालय मे कक्षा दसवीं में अध्ययनरत थी। वह बीते पखवाड़े भर से घर में ही रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी। मंगलवार की सुबह दिलीप अपनी पत्नी और बड़े पुत्र के साथ काम पर निकल गया, जबकि करीब 11 बजे छोटा पुत्र नहाने के लिए चला गया। घर में अंजली अकेली ही थी। जब छोटा पुत्र नहाकर लौटा तो उसकी नजर लोहे के एंगल से बने घर में म्यांर पर पड़ी। लोहे के म्यांर में फंदे पर अंजली लटक रही थी। अपनी बहन को भाई ने फंदे से नीचे उतारा। वह आनन फानन बहन को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह दूसरी घटना उरगा थानांतर्गत ग्राम धमनागुड़ी मौहार की है। यहां रहने वाली गीता महंत 16 वर्ष स्थानीय विद्यालय में कक्षा नवमीं की पढ़ाई कर रही थी। वह सुबह करीब 11 बजे नहाने के लिए तालाब जाने के नाम पर निकली, इसके बाद घर नही लौटी। परिजन उसका इंतजार कर रहे थे, इसी बीच गीता के तालाब के समीप ही कोसम पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिली। यह खबर मिलते ही परिजन मौके पर जा पहुंचे। बहरहाल पुलिस ने दोनों ही मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत जांच शुरू कर दी है।
![]()
