
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दीनदयाल कॉलोनी (मंगला) में ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बर्तन और आभूषण चमकाने का बहाना बनाकर आए दो शातिर युवकों ने एक महिला को अपना शिकार बनाया और करीब दो तोले सोने के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए.
पहले हासिल किया विश्वास, फिर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित महिला स्मृति तिवारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह दो अज्ञात युवक उनकी दुकान पर पहुंचे. उन्होंने शुरुआत में जले हुए स्टील के बर्तन चमकाने का दावा किया. महिला द्वारा बर्तन देने पर उन्होंने उसे मिनटों में साफ कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने पीतल के बर्तन और महिला की सास की चांदी की पायल भी चमकाकर उनका भरोसा पूरी तरह से जीत लिया.
पाउडर और गर्म पानी का नाटक, फिर गायब किए जेवर
महिला का विश्वास जीतते ही शातिर ठगों ने सोने के आभूषण साफ करने का प्रस्ताव रखा. झांसे में आकर स्मृति तिवारी ने अपनी सोने की चेन और कान की बालियां उन्हें सौंप दीं. आरोपियों ने एक बर्तन में केमिकल पाउडर मिलाया और जेवर उसमें डालकर गर्म करने का ड्रामा शुरू किया.
संदेह होते ही मचाया शोर, जूते छोड़ बाइक से भागे
प्रक्रिया के दौरान महिला को युवकों की हरकतों पर शक हुआ. जब उन्होंने बर्तन में हाथ डालकर जांचा, तो जेवरात गायब थे. महिला के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी अपने चप्पल-जूते तक वहीं छोड़कर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.
पुलिस जांच और सतर्कता की अपील
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस घटनास्थल पर छूटे सामान और क्षेत्र के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की मदद से आरोपियों की सुरागकशी में जुट गई है. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को सोने-चांदी के कीमती आभूषण सफाई के लिए न सौंपें और कोई भी संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
Leave a Reply