जमीन के टुकड़े के लिए बना हैवान, 23 साल के भतीजे ने टांगिया से काटकर 85 वर्षीय चाचा को उतारा मौत के घाट
प्रतीकात्मक चित्र इंटरनेट से लिया गयाHighLights
- ग्राम पिपरिया में जमीन विवाद में 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या।
- 23 साल के भतीजे सोनू ने टांगिया से सिर पर किया वार।
- आरोपी वारदात के बाद से फरार, पसान पुलिस कर रही तलाश।
, कोरबा: ग्राम पिपरिया में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार अलसुबह खूनी रूप ले लिया। 85 वर्षीय बुजुर्ग की उसके भतीजे ने सिर पर टांगिया से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया के सीपतपारा निवासी बबन राम यादव और उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव 23 वर्ष के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। सुबह 5.30 बजे इसी मुद्दे को लेकर पुन: दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
जमीन बंटवारे पर पुरानी रंजिश
विवाद बढ़ने पर सोनू ने टांगिया से बबन राम के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेसुध हो गए। घटना के बाद आरोपित वहां से भाग गया। बाद में जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली, तब वहां भीड़ लग गई। इस बीच किसी ने पसान पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हत्या का कारण सामने आया है।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद से फरार आरोपित सोनू उर्फ अशोक यादव को पकड़ने पुलिस लगातार दबिश दे रही है और पतासाजी में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के पकड़े जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें- सीसीटीवी फुटेज से खुला 3 चोरियों का राज, कोनी पुलिस ने दबोचा गिरोह, सवा किलो चांदी-सोना जब्त
Leave a Reply