
धमतरी. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का फर्जी अधिकारी बनकर घर में घुसने, जान से मारने की धमकी देने और लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लूटने के मामले में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी हितेश सिंह को बैकुंठपुर (कोरिया जिला) से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
पिस्तौल का खौफ दिखाकर की थी लूटपाट
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित के घर में अवैध रूप से प्रवेश किया और खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का वरिष्ठ अधिकारी बताया. पीड़ित को गोली मारने की धमकी देते हुए आरोपियों ने घर से एक लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन लूट लिए. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई थी. शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की थी.
मामले में दो आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों-रामचंद देवांगन (रुद्री) और नागेंद्र पटेल (कोरिया)—को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
धमतरी एसपी भावना पांडेय के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के दौरान सिविल लाइन रुद्री थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपी हितेश सिंह को उसके गृह जिले से गिरफ्तार किया. पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
Leave a Reply