📅 Wednesday, 23 September 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

सेवा संकल्प अभियान: दूरियां घटीं, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी: मोबाइल मेडिकल यूनिटों से 4.66 लाख से अधिक मरीज लाभान्वित

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
सेवा संकल्प अभियान: दूरियां घटीं, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी: मोबाइल मेडिकल यूनिटों से 4.66 लाख से अधिक मरीज लाभान्वित

image

शशिरत्न पाराशर, उप संचालक 
धमतरी 23 सितंबर 2026

 धमतरी की मोबाइल मेडिकल यूनिटों ने रचा जनसेवा का नया अध्यायस्वस्थ समाज ही सशक्त और विकसित जिले की आधारशिला है. इसी सोच के साथ धमतरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नागरिकों के और अधिक करीब ले जाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की सीमाओं से आगे ले जाकर उन बस्तियों और क्षेत्रों तक पहुंचा रही हैं, जहां लोगों के लिए स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचना हमेशा सहज नहीं होता.

धमतरी जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिटों का संचालन किया जा रहा है. इसके बाद से इन मोबाइल स्वास्थ्य सेवाओं ने जिले के विभिन्न शहरी, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा की पहुंच को मजबूत किया है. अब तक मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से 4 लाख 66 हजार 744 मरीजों का उपचार, 1 लाख 19 हजार 370 पैथोलॉजी जांच और 4 लाख 12 हजार 116 दवाइयों का वितरण किया जा चुका है. इस दौरान जिले में 5 हजार 839 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं.

स्वास्थ्य सुविधा अब दूरी की मोहताज नहीं

शासन , प्रशासन की प्राथमिकता रही है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंद नागरिकों को समय पर और सहज रूप से मिले. मोबाइल मेडिकल यूनिट इसी उद्देश्य को धरातल पर साकार करने का प्रभावी माध्यम बनी हैं. निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचने वाली इन यूनिटों में चिकित्सा दल द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक पैथोलॉजी जांच और उपचार के साथ दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं.

इससे विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लंबी दूरी तय कर स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने की आवश्यकता कम हुई है. स्वास्थ्य सुविधा को नागरिकों तक पहुंचाने की यह अवधारणा जन-केंद्रित प्रशासन की भावना को मजबूत करती है.

चार मोबाइल मेडिकल यूनिटों से जिले में व्यापक कवरेज

धमतरी जिले में कुल चार मोबाइल मेडिकल यूनिट अलग-अलग क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान कर रही हैं. MMU-1 और MMU-2 के माध्यम से निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं. MMU-3 कुरुद-मगरलोड क्षेत्र तथा MMU-4 नगरी-आमदी-भखारा क्षेत्र में संचालित है.

इन यूनिटों के माध्यम से अलग-अलग बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नागरिकों को उपचार एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. स्वास्थ्य सेवाओं की यह नियमित पहुंच बीमारी की पहचान और उपचार के साथ-साथ लोगों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आदत विकसित करने में भी सहायक बन रही है. धमतरी की मोबाइल मेडिकल यूनिटों ने रचा जनसेवा का नया अध्याय

उपचार के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी जोर

मोबाइल मेडिकल यूनिटों का उद्देश्य केवल मरीजों को दवा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है. शिविरों में नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व की जानकारी दी जा रही है.

इससे सामान्य एवं मौसमी बीमारियों के प्रति सजगता बढ़ने के साथ नागरिकों में निवारक स्वास्थ्य देखभाल को लेकर जागरूकता का विस्तार हो रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता लोगों के लिए भरोसे का माध्यम भी बन रही है.

मैदानी समन्वय से सेवाओं में निरंतरता

मोबाइल मेडिकल यूनिटों के सुचारू संचालन में भव्या हेल्थ सर्विसेज प्रा. लि. की प्रबंधन एवं फील्ड टीम द्वारा आवश्यक समन्वय और मैदानी सहयोग किया जा रहा है. मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, शिविर आयोजन, आवश्यक संसाधनों तथा विभिन्न मैदानी गतिविधियों के बीच समन्वय से निर्धारित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने में सहायता मिल रही है.

आंकड़े बताते हैं सेवा की व्यापक पहुंच

4,66,744 उपचारित मरीज, 1,19,370 पैथोलॉजी जांच, 4,12,116 दवाइयों का वितरण और 5,839 स्वास्थ्य शिविर—ये आंकड़े केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं हैं, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच और नागरिकों के साथ मजबूत होते स्वास्थ्य तंत्र का परिचायक हैं.

उल्लेखनीय है कि मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम से छत्तीसगढ़ को कमजोर और कम सेवा वाले क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल की सुविधा प्रदान की जाएगी. इसमें एटीएम हेल्थ मशीन की सुविधा है , जिसके माध्यम से पचास से अधिक तरह के टेस्ट किए जाते  है एवं मौके पर ही टेस्ट रिपोर्ट देने की सुविधा है . इन यूनिट्स के माध्यम से वंचित आबादी को मुफ्त दवा सहित घर पर प्राथमिक चिकित्सा सेवा प्रदान की जाती है . हर यूनिट में डॉक्टर्स, नर्स, लैबटेक्निशियन के साथ बुनियादी स्वास्थ्य उपकरणों की सुविधा उपलब्ध है . ये यूनिट सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली के साथ मिलकर सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने में योगदान देंगे. 

राज्य  शासन इस पहल का मूल उद्देश्य स्पष्ट है—स्वास्थ्य सुविधा नागरिकों तक पहुंचे, नागरिकों को सुविधा तक पहुंचने के लिए अनावश्यक दूरी न तय करनी पड़े. मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से धमतरी जिले में इसी जनकल्याणकारी सोच को निरंतर विस्तार दिया जा रहा है. उपचार, जांच, दवा और जागरूकता को एक साथ लेकर चलने वाली यह व्यवस्था ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, संवेदनशील और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *