📅 Friday, 25 September 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

घुनघुट्टा डैम में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की मौत, छलांग से पहले इंस्टाग्राम पर लगाया था ‘आशिकी-2’ का स्टेटस

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
घुनघुट्टा डैम में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की मौत, छलांग से पहले इंस्टाग्राम पर लगाया था ‘आशिकी-2’ का स्टेटस

image

अंबिकापुर. घुनघुट्टा डैम में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र रीतिक साहू की डूबने से मौत हो गई. घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है. शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे की तलाश के बाद डैम के गेट के पास से उसका शव बरामद किया.

डैम पहुंचकर अचानक पानी में लगा दी छलांग
जानकारी के अनुसार, मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू गुरुवार दोपहर स्कूटी से घुनघुट्टा डैम पहुंचा था. वहां मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों के मुताबिक, युवक ने अचानक डैम से पानी में छलांग लगा दी.

मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली. सूचना के बाद दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची. अंधेरा होने के कारण गुरुवार को तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सका.

शुक्रवार को एसडीआरएफ ने बरामद किया शव
शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने डैम में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. कई घंटे की तलाश के बाद दोपहर करीब एक बजे रीतिक का शव डैम के गेट के पास से बरामद किया गया.

‘आशिकी-2’ के इंस्टाग्राम स्टेटस की चर्चा
रीतिक की मौत के बाद उसके दोस्तों और परिचितों ने सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी देखी. बताया गया कि डैम जाने से कुछ समय पहले उसने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘आशिकी-2’ का एक दृश्य स्टेटस के रूप में लगाया था.

फिल्म के अंत में मुख्य किरदार पानी में छलांग लगाता है. इसी वजह से रीतिक का इंस्टाग्राम स्टेटस चर्चा में है. हालांकि, उसके द्वारा लगाए गए स्टेटस और डैम में हुई मौत के बीच कोई सीधा संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस इस पहलू समेत मामले के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.

पिता की हो चुकी है मौत, मां ने किया पालन-पोषण
परिजनों के अनुसार, रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई वर्ष पहले मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी. इसके बाद उसकी मां अपने मायके बिलासपुर चौक में रहकर काम करते हुए दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं.

रीतिक परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी एक बहन है. परिजनों के मुताबिक वह पढ़ाई में मेधावी था. इसी वर्ष उसने 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लिया था.

इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिवार सदमे में है. परिजन घटना के कारण को लेकर अनजान हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *