छत्तीसगढ़ में 22 अधिकारियों का तबादला, गृह से स्वास्थ्य और वित्त से नगरीय प्रशासन तक बदले विभाग, GAD ने जारी किया आदेश
छत्तीसगढ़ मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल।HighLights
- छत्तीसगढ़ मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
- उप सचिव और अवर सचिव स्तर पर बड़ी सर्जरी
- 22 उप सचिव व अवर सचिवों के तबादला आदेश
, रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और सुचारू बनाने के उद्देश्य से शासन ने मंत्रालय में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए सचिवालय सेवा के उप सचिव और अवर सचिव स्तर के 22 अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। इस फेरबदल के साथ ही कई अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है, वहीं कई अफसरों को अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया गया है।
उप सचिव स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापना
जारी आदेश के अनुसार, उप सचिव स्तर पर अधिकारियों के दायित्वों में व्यापक बदलाव किया गया है। उप सचिव डॉ. विवेक श्रीवास को जेल विभाग के साथ-साथ गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा रोमन गंगाकचूर को वित्त विभाग से स्थानांतरित कर नगरीय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
रामेश्वर प्रसाद वर्मा को स्कूल शिक्षा विभाग से सहकारिता विभाग में पदस्थ किया गया है। मगनलाल पवार को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग से हटाकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक कसावट के तहत शांता खरे को वित्त विभाग से ग्रामोद्योग विभाग भेजा गया है, जबकि रेखा साहू को संसदीय कार्य विभाग से स्थानांतरित कर जन शिकायत निवारण विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें- CG Weather: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात और तेज हवा की भी चेतावनी जारी
अवर सचिव स्तर के अफसरों के बदले प्रभार
सचिवालय सेवा के अवर सचिव स्तर के अधिकारियों के तबादला आदेश भी जारी किए गए हैं। इसके अंतर्गत अवर सचिव अमितोष जान को खाद्य विभाग से वन विभाग में पदस्थ किया गया है। दीपकुमार खेस को ग्रामोद्योग विभाग से खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में जावे कच्छप को राजस्व विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में भेजा गया है। वहीं राजेश तिग्गा को गृह विभाग से उच्च शिक्षा विभाग तथा रत्तूलाल ध्रुव को खेल विभाग से स्थानांतरित कर जेल विभाग में पदस्थ किया गया है। इस आदेश के साथ ही कई अधिकारियों को पहले से दिए गए अतिरिक्त प्रभार से भी मुक्त किया गया है।
Leave a Reply