26 सितंबर को छूटे पर्चे अब 5 अक्टूबर को, बिलासपुर में दो पालियों में होगी 6वीं-12वीं की परीक्षा

HighLights
- बारिश से स्थगित 26 सितंबर की तिमाही परीक्षा अब 5 अक्टूबर को होगी।
- कक्षा 6वीं से 8वीं की परीक्षा सुबह और 9वीं से 12वीं दोपहर को।
- 10वीं का विज्ञान, 9वीं का संस्कृत और 11वीं का गणित पेपर होगा।
, बिलासपुरः पिछले दिनों लगातार हुई तेज बारिश के चलते स्थगित की गई स्कूली तिमाही परीक्षाओं को लेकर शिक्षा महकमे ने स्थिति साफ कर दी है। 26 सितंबर को बिगड़े मौसम और अवकाश के चलते टाले गए सभी प्रमुख विषयों के पर्चे अब पांच अक्टूबर को कराए जाएंगे।
जिला शिक्षा विभाग ने संशोधित समय-सारिणी जारी करते हुए सभी सरकारी व निजी स्कूलों को जरूरी इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए शेड्यूल के मुताबिक यह बदलाव केवल कक्षा छठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा, क्योंकि कक्षा पहली से पांचवीं तक उस दिन कोई परीक्षा तय नहीं थी।
26 सितंबर को भारी बारिश के कारण सुरक्षा के मद्देनजर ऐन वक्त पर स्कूल बंद करने पड़े थे, जिससे संस्कृत, विज्ञान, गणित और कॉमर्स-आर्ट्स संकाय के कई अहम प्रश्नपत्र अटक गए थे। कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं की परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक ली जाएगी। बाक्स– किस कक्षा में कौन से विषय का होगा पर्चा नए कार्यक्रम के तहत 5 अक्टूबर को कक्षा 6वीं, 7वीं, 8वीं और 9वीं के विद्यार्थियों के लिए संस्कृत का पेपर होगा।
10वीं के छात्र विज्ञान विषय की परीक्षा देंगे। वहीं 11वीं में गणित, कृषि और गृह विज्ञान के पर्चे होंगे। कक्षा 12वीं में समाजशास्त्र, लेखाशास्त्र, राजनीति विज्ञान, फसल उत्पादन, शारीरिक शिक्षा विज्ञान, प्राथमिक चिकित्सा और मनोविज्ञान संकाय की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
Leave a Reply