📅 Thursday, 8 October 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

ट्रेनों की पेंट्रीकार में बड़ी लापरवाही उजागर, न यूनिफॉर्म न मेडिकल रिकॉर्ड; 35 कर्मचारियों पर कार्रवाई

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
ट्रेनों की पेंट्रीकार में बड़ी लापरवाही उजागर, न यूनिफॉर्म न मेडिकल रिकॉर्ड; 35 कर्मचारियों पर कार्रवाई

image

बिलासपुर. त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा देने के लिए रेलवे ने पेंट्रीकार की निगरानी बढ़ा दी है. इसी क्रम में बिलासपुर रेल मंडल की वाणिज्य विभाग की टीम ने बुधवार को जोनल स्टेशन से गुजरने वाली 15 से ज्यादा ट्रेनों की पेंट्रीकार की अचानक जांच की. निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की वर्दी, स्वच्छता और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी कई कमियां सामने आईं.

जांच में नियमों का पालन नहीं करने वाले 35 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. रेलवे के मुताबिक, इन मामलों में कुल 24,855 रुपये का जुर्माना वसूला गया.

पेंट्रीकार में नहीं दिखी जरूरी तैयारी
निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले. कुछ कर्मचारियों के पास दस्ताने और टोपी भी नहीं थी. इसके अलावा कई लोगों से मेडिकल सर्टिफिकेट और पुलिस वेरिफिकेशन जैसे जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके.

जांच टीम ने कर्मचारियों से इन कमियों को लेकर जानकारी भी ली, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई.

अचानक जांच से मचा हड़कंप
त्योहारी मौसम में यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए रेलवे ने पेंट्रीकार में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है.

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देश पर टीम ने प्रमुख ट्रेनों की पेंट्रीकार का निरीक्षण किया. अचानक हुई कार्रवाई से पेंट्रीकार संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही.

टीम ने सबसे पहले पेंट्रीकार की साफ-सफाई देखी. इसके बाद कर्मचारियों के दस्तावेज और खानपान से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई.

इन नियमों का पालन जरूरी
रेलवे की ओर से पेंट्रीकार संचालकों और कर्मचारियों को कई जरूरी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.

पेंट्रीकार का गलियारा पूरी तरह खाली और यात्रियों की आवाजाही के लिए खुला रखना होगा.
एक्सपायरी डेट वाली खाद्य सामग्री नहीं रखी जा सकेगी.
गैस सिलिंडर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी.
सभी कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म, टोपी और दस्ताने पहनना अनिवार्य होगा.
खाद्य एवं अन्य सामान पर निर्धारित प्रिंटेड कीमत स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए.
पूरे त्योहारी सीजन में जारी रहेगी कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पेंट्रीकार की जांच केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है. पूरे त्योहारी सीजन के दौरान अलग-अलग ट्रेनों में औचक निरीक्षण जारी रहेगा.

जांच के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की स्थिति और कर्मचारियों की जरूरी पात्रता से जुड़े दस्तावेज भी देखे जाएंगे.

रेलवे का कहना है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माने के साथ आगे भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *