CGPSC Main Exam 2026: छत्तीसगढ़ में सूबेदार, एसआई और प्लाटून कमांडर की मुख्य परीक्षा स्थगित, जानें लेटेस्ट अपडेट

HighLights
- नवंबर के पहले सप्ताह में होनी थी परीक्षा
- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने जारी किया आदेश
- अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा स्थगित
, रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI- सब इंस्पेक्टर) और प्लाटून कमांडर पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित मुख्य परीक्षा (Main Exam) को आधिकारिक तौर पर स्थगित कर दिया है।
ऑनलाइन जारी की गई सूचना के अनुसार, इस बहुप्रतीक्षित परीक्षा को अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए फिलहाल के लिए टाल दिया गया है।
नवंबर के पहले सप्ताह में होनी थी परीक्षा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा पहले जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती की इस मुख्य परीक्षा का आयोजन 2 नवंबर 2026 से लेकर 4 नवंबर 2026 के बीच किया जाना था। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए वे सभी उम्मीदवार जोर-शोर से अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे थे, जो चयन प्रक्रिया के इस चरण तक पहुंचे थे।
तारीखों में टकराव स्थगन की संभावित वजह
ऐन वक्त पर परीक्षा स्थगित होने के इस फैसले से मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे इन सभी अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। प्रदेश में एक नवंबर से राज्योत्सव का आयोजन प्रस्तावित है, जबकि मुख्य परीक्षा की तारीखें भी इसी अवधि में पड़ रही थीं। ऐसे में परीक्षा और राज्योत्सव के आयोजन की तारीखों में टकराव को स्थगन की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आयोग ने आधिकारिक सूचना में इसका उल्लेख नहीं किया है।
पुलिस विभाग में कुल 341 पद भरे जाने हैं
इस भर्ती के माध्यम से पुलिस विभाग में कुल 341 पद भरे जाने हैं। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब चयन प्रक्रिया मुख्य परीक्षा के चरण में है। अभ्यर्थियों को नई तारीख आयोग की वेबसाइट पर www.psc.cg.gov.in पर बाद में जारी होगी
सात हजार अभ्यर्थी हुए थे सफल
इस भर्ती के लिए प्रदेशभर से करीब 1.37 लाख आनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। दस्तावेजों की जांच और शारीरिक माप परीक्षण के बाद 63,342 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा के लिए पात्र पाया गया। प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को आयोजित की गई थी। आयोग ने 4 अगस्त को इसका परिणाम जारी किया।
प्रारंभिक परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इन अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए अलग से आनलाइन आवेदन करना था। मुख्य परीक्षा पहले 24 से 26 अक्टूबर के लिए निर्धारित थी, जिसे बाद में बदलकर दो से चार नवंबर किया गया। अब यह परीक्षा भी स्थगित हो गई है।
नई तारीखों का ऐलान अभी नहीं
आयोग ने अपने स्थगन आदेश में यह स्पष्ट किया है कि परीक्षा टालने के पीछे अपरिहार्य कारण हैं। हालांकि, पीएससी की ओर से फिलहाल परीक्षा की अगली या संभावित तारीख घोषित नहीं की गई है। नई तिथियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए आयोग ने बताया है कि इस संबंध में बहुत जल्द एक अलग से आधिकारिक सूचना (Notification) जारी की जाएगी, जिसमें नए शेड्यूल की पूरी जानकारी होगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह
परीक्षा के टलने के बाद अब अभ्यर्थियों को यह सलाह दी गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। परीक्षा की नई तारीख और इससे जुड़े अन्य सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों के लिए उम्मीदवार नियमित रूप से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करते रहें और वहां जारी होने वाली सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अटकी 8,255 बच्चों की स्कॉलरशिप, 2.5 महीने में भी ब्योरा नहीं दे पाए निकाय, सूडा ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
Leave a Reply