बिलासपुर में गरजे पटवारी, PV ऐप के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
पटवारी कार्यालय में प्रदर्शन करते पटवारी एपHighLights
- PV ऐप के विरोध में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल।
- तबादला और निलंबन आदेश शून्य करने की मांग।
- तकनीकी खामियों से राजस्व कामकाज पूरी तरह ठप।
, बिलासपुर: राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर मंगला अमन विहार स्थित पटवारी भवन में जिले भर के पटवारियों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पीवी एप के अव्यावहारिक संचालन और साथी कर्मचारियों पर की जा रही दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सभी दंडात्मक आदेश तत्काल शून्य करने की मांग की गई है। मंगला स्थित प्रांतीय कार्यालय परिसर में जिले की सभी तहसीलों से पहुंचे पटवारियों का भारी जमावड़ा लगा रहा।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में डिजिटल क्राप सर्वे, किसान पंजीयन, एग्रीस्टैक, जाति-निवास प्रमाण पत्र और स्वामित्व योजना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों को प्राथमिकता से निपटाया जा रहा है। इसके बावजूद खरीफ गिरदावरी में पीवी एप फसल भौतिक सत्यापन के जरिए बलपूर्वक कार्य कराया जा रहा है, जो तकनीकी और भौगोलिक रूप से पूरी तरह अव्यावहारिक है।
एप की विसंगतियों के निराकरण की मांग करने पर बलौदाबाजार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और महासमुंद में पदाधिकारियों पर स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस और निलंबन की दमनात्मक कार्रवाई की गई है। संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक इन द्वेषपूर्ण आदेशों को वापस नहीं लिया जाता और लंबित वेतन विसंगति व पदोन्नति का निराकरण नहीं होता, तब तक कलमबंद आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल से राजस्व संबंधी कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर: संस्कृत शिक्षक पर अश्लील हरकत और फर्जी डिग्री का आरोप, गणित शिक्षिका पर पैड बेचने का आरोप
तीन वर्ष पुराने नक्शे और जलभराव से सत्यापन कार्य बाधित
पटवारियों का कहना है कि पीवी एप में उपयोग हो रहा नक्शा तीन वर्ष पुराना है, जिसमें तरमीम और नए विभाजन दर्ज नहीं हैं। खेतों में लहलहाती फसल और पानी भरे होने के कारण प्रत्येक खसरे के चारों कोनों में जाकर फोटो खींचना भौगोलिक रूप से संभव नहीं है। इस जल्दबाजी से हजारों किसानों के समर्थन मूल्य पर धान विक्रय से वंचित होने की आशंका बनी हुई है।
अमन विहार में जुटा जिलेभर का अमला, कामकाज ठप
मंगला अमन विहार स्थित संघ कार्यालय में बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर, कोटा, सकरी और रतनपुर सहित विभिन्न तहसीलों के दर्जनों पटवारियों ने एकजुट होकर उपस्थिति दर्ज कराई। संघ ने दो-टूक कहा कि जब तक शासन मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता, तब तक गिरदावरी समेत अन्य राजस्व कार्यों का पूर्ण बहिष्कार जारी रहेगा।
संघ की प्रमुख मांगें
- पीवी फसल भौतिक सत्यापन एप की तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल ठोस समाधान किया जाए।
- बहिष्कार के चलते बलौदाबाजार, जीपीएम और महासमुंद में पटवारियों पर की गई निलंबन, तबादला और नोटिस की कार्रवाई तत्काल शून्य की जाए।
- खरीफ गिरदावरी का कार्य पीवी एप के बजाय पूर्व की भांति भुइयां पोर्टल के माध्यम से आनलाइन कराया जाए।
- वर्षों से लंबित वेतन विसंगति का त्वरित निराकरण किया जाए।
- समयमान एवं पदोन्नति के अधिकार को बहाल करते हुए पात्र पटवारियों को अविलंब पदोन्नत किया जाए।
Leave a Reply