50 साल का इंतजार होगा खत्म… 20 अक्टूबर से रावघाट से रायपुर दौड़ेगी पैसेंजर ट्रेन, 219 किमी का सफर सिर्फ ₹55 में
दल्लीराजहरा-रावघाट का काम पूरा, अब जगदलपुर की बारी।HighLights
- दल्लीराजहरा-रावघाट का काम पूरा, अब जगदलपुर की बारी
- बस्तर को राजधानी रायपुर से जोड़ने का लक्ष्य 2031 तक तय
- 60 गांवों के 20 हजार आदिवासियों को सीधे मिलेगा फायदा
अनूप भट्टाचार्य, , नारायणपुर। बस्तर को रायपुर से सीधी रेललाइन से जोड़ने का पांच दशक का सपना देर से ही सही धीरे-धीरे साकार हो रहा है। 20 अक्टूबर को रावघाट से रायपुर के लिए रेल यात्री सेवा का शुभारंभ हो जाएगा। पैसेंजर रावघाट से रायपुर तक 219 किलोमीटर का यात्री किराया मात्र 55 रुपये लगेगा। रेलवे ने किराया सूची जारी कर दी है।
रेल यात्री किराया की दर इससे छह गुना तक कम
रावघाट से रायपुर का बस किराया 300 से 350 रुपये तक लिया जा है वहां रेल यात्री किराया की दर इससे छह गुना तक कम है। सस्ती, सुविधाजनक और सुरक्षित रेल यात्रा को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है। रावघाट से अंतागढ़-दल्लीराजहरा सड़क मार्ग की स्थिति जर्जर है। यहां बस का सफर कष्टदायक है, रेल यात्री सुविधा नही होने से आवागमन पूरी तरह से सड़क यात्री परिवहन सेवा पर निर्भर था।
60 गांवों को रेल सेवा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा
रेल यात्री सेवा की सुविधा मिल जाने से लोगों को बहुत राहत मिल जाएगी। नारायणपुर और अंतागढ़ तहसील के रावघाट रेलवे स्टेशन के आसपास के लगभग 60 गांवों 20 हजार से अधिक आबादी को रेल सेवा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। घने जंगल और पहाड़ों से घिरे इस आदिवासी-बहुल क्षेत्र में पक्की सड़कों की कमी है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का मानना है कि रेल कनेक्टिविटी से व्यापार बढ़ेगा और बाहरी आबादी का आवागमन होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास में तेजी से वृद्धि होगी।
किराया सूची रावघाट से रायपुर दूरी (किमी) और दर (रुपये में)
| स्टेशन का नाम | दूरी (किमी) | किराया दर: वयस्क (₹) | किराया दर: बच्चे (₹) |
| ताड़ोकी | 18 | 10 | 10 |
| अंतागढ़ | 36 | 10 | 10 |
| केवटी | 53 | 15 | 10 |
| भानुप्रपातपुर | 61 | 20 | 10 |
| गुदुम | 78 | 20 | 10 |
| सालिहाटोला | 84 | 25 | 15 |
| दल्लीराजहरा | 94 | 25 | 15 |
| कुसुमकासा | 101 | 25 | 15 |
| भैसबोड़ | 108 | 25 | 15 |
| बालोद | 119 | 30 | 15 |
| लाटाबोर | 129 | 30 | 15 |
| सिकोसा | 137 | 30 | 15 |
| गुंडरदेही | 146 | 35 | 20 |
| रिसमा | 158 | 35 | 20 |
| मारूडा | 170 | 40 | 20 |
| दुर्ग | 182 | 40 | 20 |
| भिलाई नगर | 187 | 45 | 25 |
| पावर हाउस | 191 | 45 | 25 |
| भिलाई | 195 | 45 | 25 |
| देवबालोडा | 199 | 45 | 25 |
| कुम्हारी | 206 | 45 | 25 |
| सरोना | 213 | 45 | 25 |
| सरस्वती नगर | 217 | 55 | 30 |
| रायपुर | 219 | 55 | 30 |
रेल मंत्री वर्चुअल माध्मय से होंगे शामिल
रायपुर-केंद्री तथा रावघाट-रायपुर नई रेल लाइन एवं पैसेंजर ट्रेन सेवा का शुभारंभ 20 अक्टूबर को अपराह्न एक बजे किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कांकेर सांसद भोजराज नाग, दुर्ग सांसद विजय बघेल सहित स्थानीय विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। रेल मंत्री वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
यह भी पढ़ें- 5 करोड़ की उधारी से खड़ा किया 500 करोड़ का साम्राज्य… छत्तीसगढ़ कोल लेवी घोटाले में EOW का बड़ा खुलासा
इस अवसर पर रावघाट रेलवे स्टेशन में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए तैयारियां चल रही हैं। उल्लेख्रनीय है कि इसके पहले तीन अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से इस रेललाइन में ताड़ोकी-रायपुर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रेल सेवा का शुभारंभ किया था।
अब बारी जगदलपुर की ओर बढ़ने की
दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेललाइन बस्तर को रायपुर से रेल से जोड़ने की महत्वकांक्षी परियोजना है। पहले चरण में दल्लीराजहरा से रावघाट तक 95 किलोमीटर की लाइन का काम पूर्ण होने के बाद रेल सेवा की शुरूआत होने जा रही है।
अब बारी रावघाट से जगदलपुर (140 किलोमीटर) की ओर बढ़ने की है। रेललाइन के निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रेलवे ने वर्ष 2031 तक रावघाट से जगदलपुर को रेलमार्ग से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।
Leave a Reply