छत्तीसगढ़ में 15 लाख ई-चालान पेंडिंग, SC की सख्ती के बाद गाड़ियों की सर्विसिंग, बीमा और PUC पर लगेगी रोक
छत्तीसगढ़ में 15 लाख ई-चालान पेंडिंग। (फाइल फोटो)HighLights
- 15 लाख ई-चालान पेंडिंग होने पर सख्त कार्रवाई की तैयारी।
- जुर्माना न देने पर गाड़ियों की आरसी और फिटनेस रुकेगी।
- रायपुर में रोजाना 5000 चालान कट रहे, सिर्फ 25% भरते हैं।
राज्य ब्यूरो, , रायपुर : प्रदेश में 15 लाख से अधिक ई-चालान लंबित हैं। राज्य यातायात पुलिस और परिवहन विभाग बकायेदार वाहन चालकों पर सख्ती की तैयारी कर रहे हैं। राजधानी रायपुर में ही 7.73 लाख चालान लंबित हैं। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद लंबे समय से जुर्माना नहीं चुकाने वाले वाहन मालिकों से वसूली तेज करने की योजना है।
प्रस्तावित कदमों के तहत लंबित चालान वाले वाहनों की सर्विसिंग, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) और बीमा नवीनीकरण में परेशानी हो सकती है। इस संबंध में आटोमोबाइल कारोबारियों, पीयूसी केंद्रों और बीमा कंपनियों को दिशा-निर्देश जारी किए जाने की बात कही गई है। यातायात पुलिस का लक्ष्य बार-बार नियम तोड़ने वालों पर अंकुश लगाना और बकाया जुर्माना वसूलना है।
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि लंबित चालान जमा न होने की स्थिति में वाहनों को जब्त करने के साथ-साथ उनकी आरसी, फिटनेस, पीयूसी, आनरशिप ट्रांसफर और आनलाइन सेवाओं को तत्काल रोक दिया जाए। इसके अलावा, कोर्ट ने यह सुझाव भी दिया है कि बकायादारों के जुर्माने की राशि उनके बिजली बिल में जोड़कर भेजी जा सकती है।
प्रतिदिन कट रहे पांच हजार चालान, भुगतान सिर्फ 25 प्रतिशत
- रायपुर में पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद डिजिटल निगरानी बढ़ा दी गई है और रोज औसतन 5,000 गाड़ियों को ई-चालान भेजे जा रहे हैं। हालांकि, इनमें से केवल 25 प्रतिशत लोग ही समय पर जुर्माना जमा कर रहे हैं।
लोक अदालत से मिलेगी राहत
- परिवहन विभाग के मुताबिक जिन वाहनों के चालान पेंडिंग हैं, उनकी नागरिक सुविधाओं और वाहनों से संबंधित सेवाओं पर पूरी तरह रोक लगाने पर विचार किया गया है। इसके लिए संबंधित संस्थाओं के साथ उच्चस्तरीय बैठकें की जा चुकी हैं।
- जो लोग भारी जुर्माने से राहत पाना चाहते हैं, वे राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपना पक्ष रखकर छूट के साथ चालान का समझौता करा सकते हैं। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यह कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन’, PM मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़के CM साय, मल्लिकार्जुन खरगे पर किया पलटवार
Leave a Reply