बिलासपुर में 12 करोड़ की सड़क पर बेजा कब्जा, 96 लोगों को जारी किया गया है नोटिस, सीमांकन तेज

HighLights
- उसलापुर बाईपास रोड के सीमांकन के लिए 13 सदस्यीय टीम गठित।
- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने 3 महीने में मांगी नापजोख रिपोर्ट।
- 75 फुट चौड़ी सड़क पर अतिक्रमण, 96 लोगों को नोटिस जारी।
, बिलासपुर: महावीर नगर से उसलापुर फ्लाई ओवर ब्रिज तक बने बाईपास रोड के सीमांकन की प्रक्रिया बुधवार को तेज हो गई। हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर निगम और राजस्व विभाग की 13 सदस्यीय संयुक्त टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और खसरा नंबर 1552 (ठेठडबरी) से लेकर मिनोचा नगर होते हुए मुख्य मार्ग तक जमीन का विस्तृत सीमांकन किया।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट ने तीन महीने के भीतर इस पूरी जमीन की नापजोख करके विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। स्थानीय निवासी नमिता ऋषि द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आसपास के प्रभावित 96 बेजाकब्जाधारियों व जमीन मालिकों को दस्तावेजों के साथ मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को 13 सदस्यीय टीम ने मौके पर उपलब्ध दस्तावेजों और नक्शे के आधार पर सीमांकन की कार्यवाही शुरू की।
यह है खास बातें
– बुधवार को नगर निगम और राजस्व की संयुक्त*13 सदस्यीय टीम ने ठेठदाबरी खसरा नंबर 1552 से मिनोचा नगर के मुख्य मार्ग तक नापजोख की।
– हाईकोर्ट का कड़ा रुख: अदालत ने निगम को 3 महीने के भीतर नापजोख पूरी कर अंतिम रिपोर्ट सौंपने का समय दिया है।
– अतिक्रमण पर संशय: 12 करोड़ की लागत से बनी 75 फुट चौड़ी सड़क पर पूर्व में 25 से अधिक लोगों का कब्जा पाया गया था, जिसके कारण सड़क टेढ़ी-मेढ़ी हो गई है।
– 96 लोगों को नोटिस: खसरा नंबर 1552 के आसपास स्थित मकानों और व्यावसायिक निर्माणों की जांच के लिए 96 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
सड़क की चौड़ाई घटने और टेढ़े-मेढ़े निर्माण का विवाद
पूर्व में हुए सीमांकन के दौरान खसरा नंबर 1552 की जमीन पर बने 900 मीटर लंबे और 75 फुट चौड़े मार्ग पर बड़े पैमाने पर बेजाकब्जा पाया गया था। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई घट गई है और नाली की दिशा भी कई जगहों पर मोड़नी पड़ी है।
निगम अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश का पालन करते हुए निष्पक्ष रूप से सीमांकन किया जा रहा है। नापजोख की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी रिपोर्ट अदालत में पेश की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की बेदखली व वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
Leave a Reply