सूखे तालाबों को भरने नहर में छोड़ा जा रहा पानी, अभी और…- भारत संपर्क
सूखे तालाबों को भरने नहर में छोड़ा जा रहा पानी, अभी और बढ़ेगी रफ्तार
कोरबा। भीषण गर्मी पड़ते ही तालाबों को भरने के लिए पानी की डिमांड बढ़ गई है। बांयीं तट नहर में 300 क्यूसेक पानी की मात्रा बढ़ाई गई। अब 1850 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अभी भी यह पर्याप्त नहीं है। आगे और पानी की मात्रा बढ़ाई जाएगी। बांयीं तट मुख्य नहर से चांपा, रायगढ़, सक्ती, डभरा, जैजैपुर, मालखरौदा, सारागांव के लिए शाखा नहर निकली है। करीब 400 से अधिक तालाबों को भरा जाना है। 24 मार्च को नहर में लीकेज होने पर गेट को बंद करना पड़ा था। उसके बाद फिर से पानी छोड़ा गया है, लेकिन शाखा नहरों में पानी की मात्रा कम होने की वजह से गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा था।इस नहर से करतला ब्लॉक के उमरेली क्षेत्र के गांवों तक भी पानी पहुंचता है। नहर की क्षमता 4200 क्यूसेक है। अभी अपनी क्षमता का आधा भी नहीं छोड़ा जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नहर में जहां से माइनर निकली है, उसके गेट तक भी पानी नहीं पहुंचा है। इससे तालाब तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अब तेजी से तालाबों का जलस्तर घटने लगा है। शाखा नहर में बहुत कम पानी जा रहा है।
 

 
                                             
                                             
                                             
                                         
                                        