रायपुर में बदला सड़कों का स्वरूप, एक्सप्रेस-वे 50 और जीई रोड 67 मीटर चौड़ा, कनेक्टिविटी होगी मजबूत
फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- मास्टर प्लान की 44 सड़कें लौटेंगी
- तीन साल बाद सुधार की कवायद
- 10 मार्गों का अलाइनमेंट भी बदलेगा
, रायपुर। शहर में बढ़ते यातायात के दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मास्टर प्लान की सड़कों का स्वरूप फिर बदला जा रहा है। प्रस्तावित संशोधन में एक्सप्रेस-वे की चौड़ाई 50 मीटर रखी जाएगी, जबकि जीई रोड को कई हिस्सों में 30 से 37 मीटर तक सीमित कर दिया गया था, उसे अब 67 मीटर करने की तैयारी है।
एमआर-33 को शांति सरोवर से लाभांडी तक 50 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके अलावा 11 सड़क मार्ग फिर मास्टर प्लान में शामिल होंगे, 23 मार्गों की चौड़ाई वर्ष 2021 की योजना के अनुसार बहाल होगी और 10 मार्गों का पुराना अलाइनमेंट कायम किया जाएगा। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़क कनेक्टिविटी और भविष्य में यातायात के विस्तार की संभावनाएं मजबूत होंगी।
170 से अधिक शिकायतों के बाद जांच
रायपुर मास्टर प्लान 2021 का प्रकाशन सात अप्रैल 2008 को हुआ था। इसके पुनर्विलोकन के बाद 24 जुलाई 2023 को विकास योजना 2031 प्रकाशित की गई। इसमें कई सड़क मार्ग हटा दिए गए या उनका स्वरूप बदल दिया गया था।
मार्गों की चौड़ाई घटाने और अलाइनमेंट बदलने पर आपत्तियां मिलने के बाद शासन ने 15 मार्च 2024 को संचालक नगर तथा ग्राम निवेश की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई। समिति ने 170 से अधिक आवेदन और सुझावों का परीक्षण किया। इसमें पुराने और नए मास्टर प्लान, राजस्व अभिलेख, मौके की स्थिति, पहले जारी विकास अनुज्ञाओं और भविष्य की यातायात जरूरतों को आधार बनाया गया।
एमआर-33 और 40 का अलाइनमेंट भी बदलेगा
समिति ने 10 मार्गों का अलाइनमेंट वर्ष 2021 की योजना के अनुसार करने की अनुशंसा की है। इसमें एमआर-33 और एमआर-40 शामिल हैं। एमआर-33 को शांति सरोवर से लाभांडी तक 50 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव है।
यह भी पढ़ें- Weather Update: जबलपुर में मौसम ने बदला रंग, धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली का खेल; दो डिग्री गिरा पारा
इसके साथ ही 11 मार्गों को दोबारा जोड़ने और 23 मार्गों की चौड़ाई पुरानी योजना के अनुरूप बहाल करने की अनुशंसा की गई है। प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों के नाम तथा उनकी चौड़ाई का विवरण भी फिर शामिल करने का प्रस्ताव है। 2023 की योजना में कई जगह यह जानकारी हटा दी गई थी, जिससे विकास अनुज्ञा जारी करने में विसंगतियां आ रही थीं।
अब 15 दिन में दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
सड़क संबंधी संशोधन के लिए छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 23-क के तहत दावा-आपत्ति और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
संशोधन प्रस्ताव की प्रतियां संभागायुक्त, कलेक्टर, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय कार्यालय और नगर निगम आयुक्त कार्यालय में उपलब्ध रहेंगी। मार्गों के अलावा हरित क्षेत्र, जलाशय और असंगत भूमि उपयोग से जुड़ी आपत्तियों पर अलग से परीक्षण और कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- CGPSC में ढाई महीने से अध्यक्ष पद खाली, हजारों युवाओं की तैयारी हो रही प्रभावित
Leave a Reply