रायपुर में 15 साल की किशोरी को फर्जी दस्तावेजों से 21 का बताकर कराई डिलीवरी, पॉक्सो एक्ट जुड़ा
रायपुर में 15 साल की किशोरी को कराई डिलीवरी। ()HighLights
- ओडिशा की 15 वर्षीय किशोरी को 21 बताकर कराई डिलीवरी।
- उम्र बढ़ाने को आधार व फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाया।
- सुंदरगढ़ स्कूल रिकॉर्ड से उम्र खुलने पर पाक्सो एक्ट जुड़ा।
दीपक शुक्ला, रायपुर: निजी अस्पताल के जरिए नवजातों की खरीद-बिक्री के मामले की जांच में एक और गंभीर राजफाश हुआ है। दलालों ने ओडिशा की 15 साल की किशोरी को दस्तावेजों में 21 साल का बताकर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में डिलीवरी कराई थी।
उसकी उम्र बढ़ाने के लिए आधार कार्ड में छेड़छाड़ की गई और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया गया। पुलिस जब जांच के लिए ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची और स्कूल के रिकार्ड खंगाले, तब नाबालिग की वास्तविक उम्र का पता चला। अब आरोपितों के खिलाफ केस में पाक्सो और आइटी एक्ट की धारा भी जोड़ दी गई है।
आइवीएफ सेंटर की नर्स ने निभाई मुख्य भूमिका
- जांच के लिए गठित एसआइटी (विशेष जांच दल) के मुताबिक एक आइवीएफ सेंटर की नर्स कृतिका साहू ने इस बच्चे की दलाली में मुख्य भूमिका निभाई। कृतिका के घर काम करने वाली महिला ने उसे नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी दी थी। वह ओडिशा में पीडि़ता के ही गांव की रहने वाली है। शादीशुदा किशोरी को मात्र 15 वर्ष की उम्र में गर्भवती हो जाने पर आरोपितों ने डराया कि उसे और उसका पति गंभीर केस में फंस जाएगा।
- दोनों को जेल जाना पड़ेगा। इससे बचाने के लिए ही उसको रायपुर बुलाया गया और दस्तावेज से छेड़छाड़ किया गया। पुलिस के अनुसार पीड़िता को इतना भ्रमित किया गया कि वह झगड़े के दौरान पकड़े जाने और जांच शुरू होने पर भी खुद को 21 वर्ष का ही बताती रही। उसकी शिकायत पर ही जांच में नवजात बच्चों की दलाली करने वाले अस्पताल और गिरोह का पूरा मामला सामने आ रहा है।
आधार कार्ड में उम्र बढ़ाई
पीड़िता देखने में कम उम्र की लग रही थी। फर्जी दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस ने इसी संदेह नाबालिग की सही उम्र जानने की भी जांच शुरू की। पुलिस टीम ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची तो वहां स्कूल के रिकार्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर उसकी वास्तविक उम्र की पुष्टि हुई।
सड़क पर झगड़े से खुला मामला
- नवजात के दलालों के बीच 15 नवंबर को पैसे के बंटवारे के लिए सड़क पर झगड़े के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम के पहुंच जाने बाद ही पूरा मामला उजागर हुआ। पुलिस आरोपितों को आजाद चौक थाने लेकर पहुंची थी। वहीं पीड़िता भी पहुंच गई। पीड़िता से शिकायत लेकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि उसे ओडिशा से बुलाकर यहां डिलीवरी कराई गई है और अब बच्चा बेचने का प्रयास हो रहा है।
- चार नवंबर को प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को गोगांव स्थित अहिल्या नामदेव के घर में रखा गया था। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपितों, अस्पताल संचालक डा. खीर सिंधु महानंद, नर्स कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान को अबतक गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम विभिन्न राज्यों में गिरोह से जुड़े अन्य दलालों, खरीदार परिवारों, आइवीएफ सेंटर और अस्पतालों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ सचिवालय सेवा के तीन उप सचिवों के विभाग बदले, रोमेश गंगाकचूर को धार्मिक न्यास विभाग की जिम्मेदारी
आइवीएफ सेंटर में आने वाले लोगों की देती थी जानकारी
पुलिस जांच के अनुसार कृतिका साहू रायपुर के ही एक आइवीएफ सेंटर में नर्स है। वहां आने वाले लोगों की जानकारी और उनके संपर्क संबंधी विवरण गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आइवीएफ सेंटर आने वाले लोगों को बच्चा गोद लेने के लिए वह किस तरह प्रेरित करती थी और नवजातों के दलालों से संपर्क कराती थी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों का बढ़ेगा दायरा, अब गांव बनेंगे शहर; नगरीय प्रशासन ने मांगा ब्योरा
Leave a Reply