रायपुर में पीआरए व बार्बरिक समूह पर आयकर शिकंजा, 7 लॉकरों से मिले सोने-हीरे, 225 करोड़ की टैक्स चोरी के संकेत
रायपुर में पीआरए व बार्बरिक समूह पर आयकर शिकंजा। ()HighLights
- पीआरए व बार्बरिक समूह के सात लॉकरों से सोने-हीरे मिले।
- जांच में 200-225 करोड़ रुपये की संभावित कर चोरी के संकेत।
- आयकर विभाग ने छापेमारी में ढाई करोड़ रुपये नकद जब्त किए।
राज्य ब्यूरो, रायपुर: कोयला, स्पंज आयरन औ़र सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े पीआरए और बार्बरिक समूह पर आयकर विभाग की छापेमारी के बाद अब लाकरों की जांच में अघोषित संपत्ति के संकेत मिल रहे हैं। बुधवार को करीब सात और लाकर खोले गए। इनमें लाखों रुपये के सोने के आभूषण और हीरे मिलने की जानकारी है।
इनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। अब तक विभाग को 200 से 225 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित कर चोरी के संकेत हैं। यह आंकड़ा जांच आगे बढ़ने के साथ बढ़ सकता है। वहीं, ढाई करोड़ रुपये से अधिक नकदी जब्त की गई है। विभाग संदिग्ध बिलिंग, परियोजनाओं में बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए खर्च और बुनियादी ढांचा निर्माण से जुड़े अघोषित लेनदेन की पड़ताल कर रहा है।
चार राज्यों के 50 ठिकानों पर हुई थी दबिश
- आयकर विभाग ने करीब साढ़े तीन महीने तक वित्तीय गतिविधियों पर निगरानी रखने के बाद 18 नवंबर को कार्रवाई शुरू की थी। छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा और सूरजपुर सहित विभिन्न शहरों में 32 ठिकानों पर तलाशी ली गई।
- इसके अलावा महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के करीब 18 ठिकानों पर भी दबिश दी गई थी। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आयकर अन्वेषण महानिदेशक विजय कुमार पांडा कर रहे हैं। उनके साथ भोपाल के प्रधान निदेशक रवि किरण, अतिरिक्त निदेशक मोहल अग्रवाल और उप निदेशक नवल जैन भी जांच की निगरानी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पेंड्रावन जलाशय में खनन से 40 गांवों पर खतरा, भूपेश बघेल ने की एनओसी तत्काल निरस्त करने की मांग
कई कंपनियां और निवेश जांच के घेरे में
- जांच का दायरा पीआरए इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तक सीमित नहीं है। निदेशकों के कारोबार और निवेश की भी पड़ताल हो रही है। इसमें बार्बरिक इंडस्ट्रीज, श्री अंबिका पावर एंड शुगर, आर्गेनिक बेवरेजेज एंड फूड्स तथा हाईवे परियोजनाओं से जुड़े वित्तीय लेनदेन शामिल हैं।
- समूह के निवेश की कड़ियां रायगढ़ के इस्पात और बिजली उद्योगों तक पहुंच रही हैं। आयकर विभाग अब जब्त डिजिटल उपकरणों, वित्तीय दस्तावेजों और कंप्यूटर डेटा की फोरेंसिक जांच करा रहा है। इससे वास्तविक कर चोरी, अघोषित निवेश और संदिग्ध लेनदेन का पूरा ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में 15 साल की किशोरी को फर्जी दस्तावेजों से 21 का बताकर कराई डिलीवरी, पॉक्सो एक्ट जुड़ा
Leave a Reply