धान खरीदी में बालोद की रफ्तार तेज, 8,982 किसानों से 32 हजार टन से अधिक खरीद; डेढ़ लाख से ज्यादा पंजीकरण
161 उपार्जन केन्द्रों पर धान खरीदी जारी, HighLights
- बालोद जिले ने धान खरीदी में पकड़ी रफ्तार
- 161 उपार्जन केन्द्रों पर धान खरीदी जारी
- केंद्रों में सुविधाओं और पारदर्शिता पर जोर
न्यूज, बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में बालोद जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले के सभी 161 उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया जारी है। 25 नवंबर तक 8,982 किसानों से कुल 32,327.60 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
वहीं, 26 नवंबर को धान बेचने के लिए 160 केंद्रों में 1,831 टोकन जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से 7,064.28 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।
धान खरीदी के साथ किसानों को भुगतान की प्रक्रिया भी जारी है। अब तक 5,928 किसानों के खातों में पीएफएमएस के माध्यम से 51 करोड़ 60 लाख 87 हजार रुपये पहुंच चुके हैं।
भुगतान के लिए 6,960 किसानों की कुल 6,087.23 लाख रुपये की राशि की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर बैंक को भेजी गई है। खरीदे गए धान में 20,889.16 मीट्रिक टन पतला, 4,600.08 मीट्रिक टन मोटा और 742.72 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है।
यह भी पढ़ें- रायपुर एयरपोर्ट की तीन गुना बढ़ेगी परिचालन क्षमता, अब एक रनवे से प्रति घंटे 35 उड़ानों की तैयारी
1.58 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन
जिले में धान खरीदी के लिए 161 केंद्र बनाए गए हैं। शासन ने इस वर्ष 7,98,771.98 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य रखा है। इसके लिए 1,58,572 किसानों ने पंजीयन कराया है। वहीं, सहकारी समितियों के माध्यम से कृषि ऋण की वसूली भी जारी है। 23 नवंबर तक लिंकिंग के जरिए 2,241.33 लाख रुपये यानी 22.41 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है।
केंद्रों में सुविधाओं और पारदर्शिता पर जोर
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। धान की तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट लगाए गए हैं। नोडल अधिकारियों और निगरानी दलों द्वारा केंद्रों का नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि खरीदी में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- सीजी उच्च शिक्षा में होगा बदलाव, 30 कॉलेज बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस; 1.40 लाख छात्रों को अनिवार्य इंटर्नशिप
Leave a Reply