NH-30 किनारे मिली 200 हाइवा राख, पर्यावरण विभाग ने एनटीपीसी लारा को थमाया 75 लाख का नोटिस
कार्रवाई आदेश कॉपी , प्रतीकात्मक तस्वीर। – एआईHighLights
- एनटीपीसी लारा को 75 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का नोटिस।
- एनएच-30 किनारे धनेली पुल पास मिली 5 हजार टन फ्लाईऐश।
- प्रति टन 1500 रुपये की दर से गणना, तीन दिन में मांगा जवाब।
, रायगढ़: देश के महारत्न सार्वजनिक उपक्रम एनटीपीसी के लारा सुपर थर्मल पावर प्लांट में फ्लाईऐश प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। पर्यावरण विभाग के निरीक्षण में धनेली पुल के पास एनएच-30 किनारे करीब 200 हाइवा यानी लगभग 5 हजार टन फ्लाईऐश अव्यवस्थित तरीके से भंडारित मिली।
इसे फ्लाईऐश उपयोगिता अधिसूचना 2021 का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने एनटीपीसी लारा प्रबंधन को 75 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का नोटिस जारी किया है।
क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के 25 नवंबर 2026 के पत्र के अनुसार, 18 नवंबर को विभाग के रसायनज्ञ एवं प्रभारी रसायनज्ञ ने धनेली क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान धनेली पुल के पास एनएच-30 के समीप भौगोलिक निर्देशांक 21.342662 अक्षांश और 81.649467 देशांतर पर बड़ी मात्रा में फ्लाईऐश अव्यवस्थित रूप से जमा पाई गई। निरीक्षण में प्रत्येक हाइवा में औसतन 25 टन राख के हिसाब से कुल 200 हाइवा यानी लगभग 5 हजार टन राख आंकी गई।
ट्रक के बिल और चालान से खुला एनटीपीसी लारा का कनेक्शन
मौके पर ट्रक क्रमांक सीजी 06 एचबी 2413 से प्राप्त बिल और चालान के आधार पर विभाग ने उक्त फ्लाईऐश का संबंध एनटीपीसी लारा से पाया। पर्यावरण विभाग ने पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव और क्षेत्रीय अधिकारी रायगढ़ को भी भेजी है।
जवाब के बाद होगा अंतिम निर्णय: फिलहाल 75 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति प्रस्तावित है, अंतिम रूप से अधिरोपित नहीं हुई है। एनटीपीसी प्रबंधन के जवाब और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद क्षतिपूर्ति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
प्रति टन 1500 रुपये की दर से की गई 75 लाख की गणना
विभाग ने अपने नोटिस में फ्लाईऐश उपयोगिता अधिसूचना 2021 के प्रावधानों का हवाला देते हुए पूछा है कि अव्यवस्थित भंडारण के लिए एनटीपीसी लारा पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति क्यों नहीं लगाई जाए।
तीन दिन में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश: करीब 5 हजार टन राख के हिसाब से प्रति टन 1500 रुपये की दर पर 75 लाख रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है। प्रबंधन को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस के साथ निरीक्षण के फोटोग्राफ और ट्रक के बिल-चालान की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।
Leave a Reply