नकली बंदूक दिखाकर महिला से उसका मंगलसूत्र और अंगूठी लूट लिया- भारत संपर्क
 
                
मोटरसाइकिल में सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। इन लोगों ने नकली बंदूक दिखाकर महिला को लूट लिया। सरकंडा के भूमि विहार कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे मोटरसाइकिल में सवार कुछ लड़के पहुंचे, जिन्होंने कॉलोनी में रहने वाली महिला शालिनी देवांगन को नकली बंदूक दिखाकर उनका मंगलसूत्र और अंगूठी लूट लिया और भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

भूमि बिहार कॉलोनी में रहने वाली शालिनी देवांगन डाक विभाग में काम करती है। उनके पति शुभम देवांगन प्राइवेट जॉब करते हैं। शुक्रवार दोपहर घर में शालिनी और उनकी सास थी। दोपहर करीब 2:30 बजे तीन बदमाश घर में घुस आए और उन्होंने पिस्तौल दिखाकर शालिनी का मंगलसूत्र और अंगूठी लूट लिया और बाइक से भाग निकले। लुटेरों के भागने के बाद शालिनी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस का मानना है कि आरोपियों के पास नकली पिस्तौल था, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत है
पिछले कुछ समय से बिलासपुर में इस तरह के बाइकर्स गैंग का आतंक देखा जा रहा है जो मौका मिलते ही महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। लूटपाट में शामिल दो लुटेरों ने तो चेहरे पर कपड़ा बांध रखा है तो वही मोटरसाइकिल चलाने वाले लुटेरे का चेहरा स्पष्ट देखा जा सकता है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

 
                                             
                                             
                                             
                                        