विष्णु के सुशासन में भ्रष्टाचारी अफसर की हिमायत कर रहे भाजपा…- भारत संपर्क

0

विष्णु के सुशासन में भ्रष्टाचारी अफसर की हिमायत कर रहे भाजपा नेता, उद्योग मंत्री लखन, पूर्व गृहमंत्री ननकी, विधायक प्रेमचंद, मंडल अध्यक्ष सहित अन्य भाजपा नेता भ्रष्ट अधिकारी को पोड़ी उपरोड़ा में पुनः पदस्थ करने लिख चुके हैं चिट्ठी

कोरबा। महात्मा गांधी नरेगा अन्तर्गत जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के तत्कालीन कार्यक्रम अधिकारी मुरारी राम कर्मवीर (एमआर कर्मवीर) की कारगुजारियां जांच में खुल चुकी है। जांच में तत्कालीन कार्यक्रम अधिकारी की गड़बड़ी उजागर हुई है। उन्होंने बिना आला अफसरों की जानकारी के करोड़ों रुपए का भुगतान कर वित्तीय अनियमितता की है। विष्णु के सुशासन में भ्रष्ट कार्यक्रम अधिकारी मुरारी राम कर्मवीर की भाजपा नेता हिमायत कर रहे हैं। जिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच की मांग की जानी चाहिए थी, वहीं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कांवर, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, मंडल अध्यक्ष सहित अन्य भाजपा नेता भ्रष्ट अधिकारी को पोड़ी उपरोड़ा में पुनः पदस्थ करने मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम से लेकर कलेक्टर तक को पत्र लिख चुके हैं। महात्मा गांधी नरेगा अन्तर्गत जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थ तत्कालीन कार्यक्रम अधिकारी मुरारी राम कर्मवीर (एमआर कर्मवीर) द्वारा फर्जीवाड़ा व अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर कार्य करने के संबंध में शिकायत की गई थी। जांच में पाया गया कि एमआर कर्मवीर द्वारा 12.09.2022 से 07.11.2022 तक बीएस राज तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा का डीएससी का उपयोग मुख्य कार्यपालन अधिकारी राधेश्याम मिर्जा और बीएस राज दोनों के बिना संज्ञान में लाये हुए मजदूरी मद में 4 करोड़ 20 लाख 49 हजार 571 रुपए, सामग्री मद में 9 लाख 84 हजार 320 रुपए, प्रशासकीय मद (वेतन व कार्यालयीन व्यय) में 33 लाख 4 हजार 548 रुपए एवं अर्द्धकुशल मजदूरी मद में 7 लाख 11 हजार 46 रुपए राशि का भुगतान किया गया है। जिसमें से मजदूरी मद के 4 करोड़ 20 लाख 49 हजार 571 रूपये का भुगतान बिना नस्ती के संधारण किये एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से बिना अनुशंसा के किया गया है। जो कि वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। इस अनियमितता के खुलासे के बाद भी जिले के दिग्गज भाजपा नेता भ्रष्ट अधिकारी मुरारी राम कर्मवीर के कार्य के कायल हैं। यह हम नहीं कह रहे हैं बल्कि नेताओं की लिखी गई चिट्ठी बयां कर रही है। श्रम मंत्री ने जन सम्पर्क के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के साथ निराकरण का हवाला देते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा है, जिसमें मुरारी राम कर्मवीर का जनपद पंचायत कटघोरा से जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा पदस्थापना का उल्लेख किया है। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन भ्रष्टाचार के मामले में हमेशा कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हैं। कांग्रेस के नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते नहीं थकते। अब उनकी इस चिट्ठी ने विरोधियों को लखन के खिलाफ पलटवार का मौका दे दिया है। पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर तो वैसे भ्रष्टाचार को लेकर हमेशा मुखर रहते हैं। गलत होने पर अपनी पार्टी के खिलाफ भी बोलने से गुरेज नहीं करते। इस वजह से प्रदेश में दिग्गज आदिवासी नेता की अलग पहचान है, लेकिन उन्होंने ने भी अधिकारी मुरारी राम कर्मवीर के मामले में अपनी छवि के उलट पत्र लिखकर लोगों को हैरत में डाल दिया है। उन्होंने डिप्टी सीएम अरुण साव और कलेक्टर को पत्र लिखा है, जिसमें उल्लेख है कि मुरारीराम कर्मवीर जनपद पंचायत कटघोरा में कार्यक्रम अधिकारी के पद पर पदस्थ है, श्री कर्मवीर जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में पूर्व में पदस्थ रहे है। उस दौरान इनका कार्यकाल अच्छा रहा एवं मनरेगा के सभी मोड्यूल में पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा है। श्री कर्मवीर को षड़यंत्र के तहत तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा द्वारा आदेश क्र.- 4155/जि.पं./स्था./2022, दिनांक 10/11/2022 के तहत् जनपद पंचायत कटघोरा स्थानांतरण किया गया है, जो कि नियम विरुद्ध है, नियमानुसार तकनिकी सहायक को कार्यक्रम अधिकारी का प्रभार नहीं दिया जा सकता, श्री कर्मवीर वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी के रहते तकनिकी सहायक को प्रभार देना अनुचित व नियम विरुद्ध प्रदर्शित होता है। जनपद पंचायत कटघोरा ग्राम पंचायत की दृष्टि से सबसे छोटा विकासखंड है। इसके अधिकांश क्षेत्र एस.ई.सी.एल. प्रभावित क्षेत्र है, यहाँ मजदूरों को नगद तथा मनरेगा दर से अधिक मजदूरी मिलती है जिसके कारण यहाँ मनरेगा के कार्य नहीं के बराबर होते है, जबकि जनपद पंचायत पोड़ी- उपरोड़ा ग्राम-पंचायत के दृष्टि से सबसे बड़ा विकासखंड है। वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्र है, श्री कर्मवीर भी आदिवासी वर्ग से आते है एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी भी है। यह हवाला देते हुए पुनः पोड़ी उपरोड़ा वापसी की हिमाकत की है। कटघोरा विधायक ने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र कटघोरा की बजाय श्री कर्मवीर को पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के लिए उपयुक्त बताते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा है। इसके अलावा भाजपा चोटिया मंडल अध्यक्ष रवि मरकाम, भाजपा पोड़ी उपरोड़ा मंडल अध्यक्ष रघुनंदन जायसवाल ने पत्र लिखा है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष व भाजपा प्रदेश पंचायत प्रकोष्ठ सह संयोजक पवन गर्ग ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राम प्रसाद कोर्राम ने सीएम विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। भाजपा के बड़े बड़े नेताओं ने अधिकारी कर्मवीर के मामले में विशेष रुचि दिखाई है, जो सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बॉक्स
पार्टी कनेक्शन तो नहीं?

अधिकारी मुरारी राम कर्मवीर की पोड़ी उपरोड़ा में वापसी को लेकर भाजपा के नेताओं चिट्ठियों के पीछे क्या कहानी है यह लोग सोचने पर मजबूर हैं। इसके पीछे कहीं पार्टी कनेक्शन तो नहीं है?विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि मुरारी राम कर्मवीर के नजदीकी रिश्तेदार छुरी में भाजपा से पार्षद रही हैं। कहीं यही वजह तो नहीं कि जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद भी अधिकारी को पोड़ी उपरोड़ा में पुनः पदस्थ कराने नेता पूरा जोर लगा रहे हैं। वजह चाहे जो भी हो विष्णु के सुशासन में भाजपा नेताओं की भ्रष्ट अफसर की हिमायत करना बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

रायगढ़ में ट्रेलर ने मां-बेटे को मारी टक्कर, दोनों घायल, आरोपी ड्राइवर फरार, मामले की… – भारत संपर्क न्यूज़ …| ‘मुझसे गलती हो गई…’, नवरात्रि पर काली माता की वेशभूषा पहनकर अश्लील गाने प… – भारत संपर्क| Kantara Chapter 1: ऋषभ शेट्टी के ‘कांतारा चैप्टर 1’ के ट्रेलर में हुई जिसकी… – भारत संपर्क| Typhoon Ragasa: 200 की रफ्तार से तबाही मचा रहा तूफान रगासा, ताइवान में 14 मौतें,… – भारत संपर्क| सारा तेंदुलकर को खाने में क्या-क्या पसंद है? सचिन की लाडली ने खुद किया शेयर