रायपुर में भनपुरी और गोंदवारा के लोगों को बिजली कटौती से मिलेगी आजादी, 2.31 करोड़ के प्रोजेक्ट से संवरेगा पावर नेटवर्क

गोंदवारा-भनपुरी में बिजली आपूर्ति अब ज्यादा भरोसेमंद होगी (AI तस्वीर)
HighLights
- गोंदवारा-भनपुरी में बिजली आपूर्ति अब ज्यादा भरोसेमंद होगी
- उमिया मार्केट में नया 33/11 केवी उपकेंद्र शुरू होने से फायदा होगा
- नए फीडर आने से बिजली वितरण को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। गोंदवारा, भनपुरी और आसपास के उपभोक्ताओं को अब बिजली व्यवधान की स्थिति में जल्द राहत मिलने की सुविधा मिलेगी। उमिया मार्केट में नया 33/11 केवी उपकेंद्र शुरू होने से लंबे फीडरों पर निर्भरता कम होगी और बिजली भार का बेहतर बंटवारा हो सकेगा। पांच एमवीए क्षमता वाले इस उपकेंद्र से तीन नए 11 केवी फीडर बनाए गए हैं। इससे घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के साथ औद्योगिक क्षेत्र को भी फायदा मिलेगा।
पहले गाजी नगर उपकेंद्र से गोंदवारा क्षेत्र की दूरी अधिक होने और फीडरों पर 100 एम्पियर से ज्यादा भार होने से आपूर्ति में व्यवधान दूर करने में परेशानी आती थी। नए उपकेंद्र से फीडरों की लंबाई घटेगी और संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
खराबी आई तो कम क्षेत्र प्रभावित होगा
नए उपकेंद्र से फीडरों की लंबाई कम होने का फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा। किसी हिस्से में तकनीकी खराबी आने पर लंबे फीडर के कारण बड़े क्षेत्र की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना कम होगी। साथ ही भार का बेहतर बंटवारा होने से मौजूदा व्यवस्था पर दबाव घटेगा। इससे बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर रखने और व्यवधान के बाद व्यवस्था सामान्य करने में मदद मिलेगी।
औद्योगिक क्षेत्र को भी मिलेगी राहत
उमिया मार्केट उपकेंद्र से न्यू गोंदवारा औद्योगिक क्षेत्र, गोंदवारा, सरदार पटेल मार्केट और भनपुरी को बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शनों के साथ औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। विशेषकर अधिक भार वाले क्षेत्रों में नए फीडर आने से बिजली वितरण को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
पुराने फीडरों का भार भी होगा सामान्य
नए उपकेंद्र से तीन 11 केवी फीडर तैयार किए हैं। इससे गोंदवारा उपकेंद्र के विजय लक्ष्मी फीडर तथा गाजी नगर उपकेंद्र के उमिया मार्केट और भनपुरी उपकेंद्र से टिम्बर मार्केट फीडर का भार सामान्य होगा। यानी नई व्यवस्था का लाभ केवल नए उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के मौजूदा क्षेत्रों की आपूर्ति व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- एमपी बिजली विभाग के कर्मियों के लिए बड़ी खबर… 160 अनुकंपा संविदा कर्मचारियों को मिली नियमित नियुक्ति
2.31 करोड़ में तैयार हुआ उपकेंद्र
मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत उमिया मार्केट में बने उपकेंद्र की क्षमता पांच एमवीए है। इसके निर्माण पर करीब 2.31 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। परियोजना में 0.6 किलोमीटर 33 केवी और 1.7 किलोमीटर 11 केवी लाइन भी बनाई गई है। उपकेंद्र का लोकार्पण रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने किया। इस अवसर पर मुख्य अभियंता (रायपुर शहर) संजीव सिंह, अतिरिक्त मुख्य अभियंता सलिल खरे, अधीक्षण अभियंता महेश ठाकुर, सीएच मरकाम, एम विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता शिव गुप्ता, पीके सिंह, राजेश मिश्रा उपस्थित रहे।