CG Weather 1st September: छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 सितंबर तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल

रायपुर समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अनुमान।
HighLights
- छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित
- रायपुर समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अनुमान
- 4 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह से सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने लोगों की चिंता बढ़ाने वाली चेतावनी जारी की है। प्रदेश के 24 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का गंभीर खतरा जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए आम जनता को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
तेज बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में सड़कों पर भारी जलभराव देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित कई प्रमुख जिलों से भारी बारिश और जलभराव की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का दौर रुकने वाला नहीं है। मौसम में आए इस बदलाव और वज्रपात की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य संवेदनशील स्थानों के पास खड़े न होने की सलाह दी गई है।
विशेषकर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को मौसम के पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश भर में तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में घर बनाना हुआ और आसान, अब पक्के मकान के लिए मिलेगी निशुल्क रेत, सीएम ने लॉन्च किया ‘ई-रेत संगवारी’ पोर्टल
तिथि वार जानें 4 सितंबर तक का मौसम पूर्वानुमान
- 01 सितंबर 2026: अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
- 02 सितंबर 2026: प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा होगी, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट है।
- 03 सितंबर 2026: अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
- 04 सितंबर 2026: प्रदेश भर में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।