नईदुनिया न्यूज, तखतपुर: बरेला स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी के दौरान एक छात्र हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आकर झुलस गया। हादसे में सातवीं कक्षा का छात्र वैभव जायसवाल (13), निवासी बिरगांव, गंभीर रूप से घायल हो गया। करंट की चपेट में आने के बाद छात्र नीचे गिर गया, इससे उसके चेहरे पर भी चोट आई। उसे तत्काल बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल परिसर में जन्माष्टमी के लिए मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान वैभव जायसवाल मटकी बांधने के लिए ऊपर चढ़ा। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल के ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। मटकी बांधने के दौरान छात्र विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन के नीचे कार्यक्रम की तैयारी कराई जा रही थी। साथ ही मटकी बांधने जैसे जोखिम वाले कार्य में छात्र को लगाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
लोगों ने पूछा कि संवेदनशील स्थान पर कार्यक्रम की अनुमति किस स्तर पर दी गई और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम क्यों नहीं किए गए। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जांजगीर में एसीबी का बड़ा एक्शन: 10 हजार रुपए घूस लेते प्राचार्य अंजुला सोनी व बाबू गिरफ्तार
स्वजन में आक्रोश
हादसे की जानकारी मिलने के बाद वैभव जायसवाल के परिजन सदमे में हैं। वहीं घटना को लेकर बरेला और आसपास के क्षेत्रों के अभिभावकों में भी नाराजगी है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
स्कूल प्रबंधन को नोटिस
जरहागांव की थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि घटनास्थल पर तहसीलदार और बीईओ गए थे। वहां स्कूल प्रबंधक को नोटिस दिया गया है। घटना के संबंध में जो लोग मौके पर मौजूद थे, उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राचार्य ने बताया, मटकी बांधते समय तार की चपेट में आया छात्र
माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य सारिका कश्यप ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी पर मटका फोड़ का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान छात्र रस्सी बांध रहा था, तभी वह तार की चपेट में आ गया। छात्र का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।