औरैया में तेज रफ्तार का कहर… नहर में जा गिरी कार, महिला समेत तीन लोगों की म… – भारत संपर्क
यूपी के औरैया से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई. कार में 3 लोग सवार थे, जिनकी डूबकर मौत हो गई. जैसे ही हादसा हुआ, वहां अफरा-तफरी मच गई. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची. कार सवार लोगों को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उनकी जान जा चुकी थी. मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं.
अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा के अनुसार हादसा अछल्दा थानाक्षेत्र में तुरुकपुर गांव के पास हुआ. कार सवार दिबियापुर से इटावा की तरफ जा रहे थे. तभी ये दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि स्पीड ज्यादा होने के चलते ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया. फिर वो नहर में जा गिरी. मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल हादसे के असल कारणों की जांच जारी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है. मामले में तफ्तीश जारी है.
चश्मदीदों ने बताया- कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी. जैसे ही कार नहर में गिरी, हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची. हमने फिर पुलिस के साथ मिलकर कार सवार लोगों को नहर से बाहर निकाला. मगर उनकी मौत हो चुकी थी.
मथुरा में भी ऐसा ही कार हादसा
इसके अलावा मथुरा में भी इसी तरह का सड़क हादसा हुआ. यहां भी एक तेज रफ्तार कार का बैलेंस बिगड़ा और वो नहर में जा गिरी. हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो लॉ स्टूडेंट थे. हादसा इतना भीषण था कि कार पहले पानी की टंकी से टकराई और फिर सीधे नहर में जा पलटी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को नहर से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शादी में शामिल होने जा रहे थे चारों
हादसा डींग गोवर्धन बाईपास के देरिया नगला मोड़ पर हुआ. मामले में जांच जारी है. जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त महावन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान राहुल, अमित और मोहित सहित एक अन्य के रूप में हुई है. चारों दोस्त कार (UP85 CV 9856) से राजस्थान के डीग में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी नगला दैवीय के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और ये हादसा हुआ.
