उठाईगिरी पर लगाम कसने पुलिस-बैंक की संयुक्त पहल,कटघोरा में…- भारत संपर्क
कोरबा। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही उठाईगिरी और वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में थाना परिसर में पुलिस प्रशासन और विभिन्न सरकारी व निजी बैंकों के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बैंक उपभोक्ताओं की सुरक्षा को मजबूत करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
बैठक में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंक परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश में कहा गया कि सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता सुनिश्चित करें तथा बैंक परिसर के अंदर और बाहर लगे सभी कैमरे सुचारू रूप से चालू रहें। मुख्य द्वार और पार्किंग क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गार्डों को हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने और तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया। ग्राहकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। विशेषकर बुजुर्गों और अकेले आने वाले लोगों को आम ठगी के तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी गई। पैनिक बटन और सायरन सिस्टम की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि बड़ी राशि निकालकर बाहर जाने वाले ग्राहकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही बैंक परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी साझा करने को भी कहा गया। बैठक में शामिल बैंक अधिकारियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि वे सभी सुरक्षा मानकों का पालन करेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की।
आम नागरिकों को दी गई सलाह
बैठक में आम नागरिकों को विशेष सलाह दी गई। बैंक से निकलते समय अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें। बड़ी रकम के लेनदेन के समय किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें। पैसे गिर गए हैं या कपड़े गंदे हैं जैसे झांसे में न आएं। संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत 112 या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
![]()
