उपमुख्यमंत्री अरूण साव के साथ आम और खास ने किया योगा, स्वच्छ…- भारत संपर्क
उपमुख्यमंत्री अरूण साव के साथ आम और खास ने किया योगा, स्वच्छ मन स्वच्छ शहर की थीम पर किया गया योगाभ्यास, सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उपमुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर, महापौर राजकिशोर प्रसाद, जनप्रतिनिधिगण, सचिव नगरीय प्रशासन एस बसवा राजू, संचालक नगरीय प्रशासन कुंदन कुमार, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी, डीएफओ कोरबा, कटघोरा, सीईओ जिला पंचायत, निगमायुक्त, स्कूली बच्चे,आम नागरिक एवं अधिकारी कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। सभी नगरीय निकायों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘‘स्वच्छ मन स्वच्छ शहर‘‘ की थीम पर मनाया गया। उप मुख्यमंत्री श्री साव के मुख्य आतिथ्य में कोरबा में इसका मुख्य आयोजन हुआ। प्रदेश भर के नगरीय निकायों में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत कार्यरत स्वच्छता दीदियां, स्वच्छता कमांडो, स्वास्थ्य कर्मचारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने नगरीय निकायों में वेब लिंक के जरिए मुख्य कार्यक्रम से जुड़े और योगाभ्यास किया। स्वच्छता दीदियों, स्वच्छता कमांडो, स्वास्थ्य कर्मचारियों तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य मे सुधार, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, तनाव प्रबंधन, एकाग्रता व कार्यक्षमता में वृद्धि तथा कार्यस्थल पर सकारात्मकता के लिए सभी नगरीय निकायों में हार्टफुलनेस के माध्यम से ‘‘स्वच्छ मन स्वच्छ शहर‘‘ की थीम पर विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। सभी नगरीय निकायों में इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने फुटबाल मैदान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित भी किया। सभी नगरीय निकाय वेब लिंक के जरिए कोरबा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से जुड़ें रहे और योगाभ्यास किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के साथ ही राज्य के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी इसका आयोजन किया गया।
बॉक्स
सरकार ने नगरीय चुनाव की शुरू कर दी है तैयारी : अरूण साव
जिला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने मंत्रीमंडल के पुनर्गठन के सवाल पर कहा कि बृजमोहन अग्रवाल लोकसभा चुनाव रिकार्ड मतों से जीते हैं। उन्होंने इस्तीफा दिया है, लेकिन इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। मंत्रीमंडल का पुनर्गठन मुख्यमंत्री विशेषाधिकार है। केन्द्रीय नेताओं से चर्चा कर इस पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की साय सरकार ने 6 माह में मोदी की गारंटियों को पूरा करने पूरी प्रतिद्धता के साथ काम किया है। प्रदेश में जो योजनाएं चल रही हैं उनकी स्थिति क्या है इसके लिए सभी विभागों की समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री द्वारा ली जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नगरीय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए वार्डों का परिसीमन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। महापौर के चुनाव पद्धति को लेकर उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा।
![]()
