रेलवे कमर्शियल इंस्पेक्टर ने लगाई फांसी, अधिकारी द्वारा…- भारत संपर्क

बिलासपुर के रेलवे नॉर्थ ईस्ट कॉलोनी में रहने वाली रेलवे महिला अधिकारी ने खुदकुशी कर ली। 8 साल की बेटी ने अपनी मां की फांसी पर लटकती लाश देखी जिसकी सूचना उसने दूसरे को दी। तोरवा थाना क्षेत्र के एन ई कॉलोनी में रहने वाली 37 वर्षीय विनीता साहनी रेलवे में कमर्शियल इंस्पेक्टर थी। वह अपने जिम संचालक पति अब्राहम हेल और 8 साल की बेटी के साथ रेलवे कॉलोनी में रहती थी। उनके पति का हेमू नगर में जिम है। पता चला है कि विनीता की शादी 10 साल पहले हुई थी और उनकी 8 साल की बेटी भी है। शनिवार को फांसी के फंदे पर लटकी महिला की लाश मिलने के बाद उसे रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला के मायके वाले दिल्ली में रहते हैं जिनके पहुंचने पर रविवार को महिला का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
रेलवे अधिकारी पर लग रहा है प्रताड़ना का आरोप
इधर यह खबर भी चर्चा में है कि महिला का चार पेज का सुसाइड नोट सामने आया है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। यह भी चर्चा है कि रेलवे कमर्शियल इंस्पेक्टर विनीता साहनी को सीनियर डीसीएम विकास कश्यप काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे । विकास कश्यप के खिलाफ पहले भी महाराष्ट्र में एट्रोसिटी, छेड़छाड़ , धमकी तथा प्रताड़ना का मामला दर्ज है जिसमें वह जमानत पर है। दावा किया जा रहा है कि विकास कश्यप द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के दबाव को महिला झेल नहीं पाई और उसने खुदकुशी कर ली। इधर डीसीएम विकास कश्यप ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है ।
रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पदस्थ कमर्शियल इंस्पेक्टर विनीता साहनी की खुदकुशी मामले में अधिकारी द्वारा परेशान करने के साथ ही पति के साथ विवाद की बात भी सामने आ रही है । विनीता रेलवे मजदूर कांग्रेस की महिला पदाधिकारी भी थी लिहाजा उसके यूनियन के साथियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि विनीता साहनी को अधिकारी काफी दिनों से परेशान कर रहे थे। डिवीजन कार्यालय में उनके सारे काम छीन लिए गए थे। उनके अंडर में मौजूद ग्रुप डी स्टाफ को भी हटा लिया गया था। कुछ दिन पहले उनकी नाइट ड्यूटी लगाई गई थी, साथ ही अधिकारियों ने उन्हें ट्रांसफर की धमकी दी थी। हाल ही में विनीता के गिरने से कोहनी और कंधे में चोट आई थी कंधे में दर्द होने कारण वह सुबह रेलवे अस्पताल कंधे की जांच कराने गई थी। डॉक्टर ने उन्हें एक्सरे कराने के लिए कहा था। इसके बाद वह घर चली आई। बच्चे को नाश्ता कराने के बाद वह घर पर ही थी। इसी बीच दोपहर बाद उनकी खुदकुशी की खबर सामने आई, जिन्हें रेलवे अस्पताल ले जाया गया। उनकी मौत के बाद रेलवे अस्पताल ने पुलिस को मेमो भेजा जिससे पूरे मामले की जानकारी हुई। विनीता साहनी ने खुदकुशी क्यो की यह जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि फिलहाल उनके पति से भी इस बारे में पूछताछ नहीं हो पाई है।