महिला संबंधी दो साइबर अपराधों का खुलासा, सरकंडा पुलिस ने…- भारत संपर्क



सरकंडा पुलिस ने महिला संबंधी दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील मैसेज, फोटो भेजने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अम्बिकापुर और दूसरे को घूरू अमेरी से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला 13 सितंबर 2024 को दर्ज हुआ था, जिसमें पीड़िता ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक व इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर खुद को पारिवारिक व्यक्ति बताया। इसके बाद जबरन बातचीत करने और मिलने का दबाव बनाने लगा। आरोपी ने पीड़िता को अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। इस मामले में सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 1150/2024 धारा 79 बीएनएस एवं 67(ए) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वहीं दूसरा मामला 6 फरवरी 2025 को सामने आया, जिसमें पीड़िता ने बताया कि उसने पूर्व में प्रमोद नवरत्न के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इसी प्रकरण में आरोपी अजीत कुमार घृतलहरे नामक युवक ने उसे नूतन चौक के पास रोक कर केस वापस लेने का दबाव बनाया और मना करने पर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर बदनाम किया। इस मामले में अपराध क्रमांक 360/2025 धारा 351(2), 126(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।
दोनों मामलों में सरकंडा पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी निखिल दुबे (32 वर्ष), निवासी कमकालो, थाना दरिमा, जिला अम्बिकापुर को अम्बिकापुर से तथा अजीत कुमार घृतलहरे (35 वर्ष), निवासी अमलीडीह, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली, वर्तमान निवासी गोकुलधाम, गली नंबर-3, थाना सकरी को घूरू अमेरी से गिरफ्तार किया गया।
इस कार्यवाही को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जप्त कर लिए गए हैं। सरकंडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
Post Views: 2