संघ के सामूहिक एकत्रीकरण का हुआ आयोजन, मातृभूमि को परम वैभव…- भारत संपर्क

0

संघ के सामूहिक एकत्रीकरण का हुआ आयोजन, मातृभूमि को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना ही संघ का लक्ष्य – अतुल कृष्ण

कोरबा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर के सामूहिक एकत्रीकरण का आयोजन रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर बुधवारी में किया गया। इस अवसर पर संघ के पूर्व प्रचारक एवं रामकथा वाचक अतुल कृष्ण महाराज का प्रवास रहा। कार्यक्रम में गुरुघासीदास उपनगर एवं भगतसिंह उपनगर का संयुक्त एकत्रीकरण रखा गया, जहां स्वयंसेवकों को महाराज का पाथेय प्राप्त हुआ। उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि डॉ. हेडगेवार ने 1925 में शाखा का शुभारंभ किया था, जो आज राष्ट्रभक्ति और समाज जागरण की शक्ति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि संघ ने विषम परिस्थितियों में भी देश की एकता बनाए रखी, अन्यथा पूर्वोत्तर सहित कई क्षेत्र विभाजित हो सकते थे। अतुल कृष्ण ने भारत की भौगोलिक और ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए इसे ऋषि और देवभूमि बताया। उन्होंने कहा मातृभूमि को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना और भारत को पुन: विश्व गुरु बनाना ही संघ का लक्ष्य है। इसके लिए हर स्वयंसेवक तन-मन-धन से समर्पित होकर कार्य करें। उन्होंने संघ के भगवा ध्वज को गुरु मानते हुए इसे धर्म, शौर्य और समर्पण का प्रतीक बताया। छत्तीसगढ़ की पावन धरा का महत्व बताते हुए कहा कि यही वह दंडकारण्य क्षेत्र है, जहां भगवान श्रीराम ने अगस्त ऋषि से शस्त्र ज्ञान प्राप्त किया था। सिंहावा क्षेत्र को उन्होंने अगस्त ऋषि की तपोभूमि और शिवनाथ नदी के उद्गम स्थल को अगस्त ऋषि के कमंडल से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि केवल हिंदू धर्म ही वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साथ विश्व शांति और मानव एकता का संदेश देता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को संघ के शताब्दी वर्ष में संकल्पित करते हुए कहा कि संघ संख्या नहीं बल्कि गुणवत्ता पर विश्वास करता है। बीते सौ वर्षों से संघ चरित्र निर्माण, हिंदुत्व जागरण और राष्ट्र एकता के लिए सतत कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में किशोर बुटोलिया विभाग सह संघचालक और अशोक तिवारी नगर संघचालक मंचासीन रहे।
इस अवसर पर डॉ. विशाल उपाध्याय जिला संघचालक, कैलाश नाहक जिला कार्यवाह, मृगेश यादव नगर कार्यवाह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Job Tips for Freshers: रिज्यूमे से लेकर इंटरव्यू तक… इन 11 टिप्स से आसानी से…| Lokah Chapter 1 Controversy: मुश्किलों में फंसे ‘लोका चैप्टर 1’ के मेकर्स, ऐसा… – भारत संपर्क| Viral Video: फर्श पर कलाकारी दिखाकर बंदे ने बना खाने से भरी थाली, बारीकी देख उड़े…| PKL 2025: दबंग दिल्ली ने जीत के साथ खोला खाता, जयपुर ने भी पटना पाइरेट्स को… – भारत संपर्क| क्यू आर कोड से अब मनरेगा कार्यों की मिलेगी पूरी जानकारी,…- भारत संपर्क