भाजपा जिला ग्रामीण की कार्यकारिणी घोषित, 103 सदस्यों को मिली…- भारत संपर्क



बिलासपुर।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला ग्रामीण की नई कार्यकारिणी की घोषणा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की अनुशंसा पर गठित इस कार्यकारिणी में कुल 103 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें 51 कार्यसमिति सदस्य, 14 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 38 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं।
जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने बताया कि कार्यकारिणी गठन में सभी क्षेत्रों से संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं को स्थान देकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया गया है। उनका कहना है कि सभी पदाधिकारी और सदस्य पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
स्थायी आमंत्रित सदस्य
घोषित सूची के अनुसार स्थायी आमंत्रित सदस्यों में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक सुशांत शुक्ला और राजा पांडे शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद लखन साहू, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, रजनीश कुमार सिंह, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, द्वारिकेश पांडे, रामलाल साहू, कांशीराम साहू, डॉ. सुनील जायसवाल और द्रोण त्रिपाठी को भी स्थान दिया गया है।
देवरी खुर्द मंडल से भी प्रतिनिधित्व

देवरी खुर्द मंडल से के. विमलेश राव और राजू बैरागी को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। के. विमलेश राव पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुकी हैं, वहीं राजू बैरागी पूर्व मंडल मंत्री के रूप में संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। दोनों की सक्रियता और संगठनात्मक योगदान को देखते हुए उन्हें कार्यकारिणी में जगह दी गई है।
जिलाध्यक्ष जायसवाल ने कहा कि इस नई कार्यकारिणी से संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाएंगे और संगठन विस्तार में योगदान देंगे।



