अहिरन नदी के बीच फंसे चरवाहे, किया गया रेस्क्यू- भारत संपर्क
अहिरन नदी के बीच फंसे चरवाहे, किया गया रेस्क्यू
कोरबा। दर्री क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया। पटेल पारा सुमेधा के दो ग्रामीण छतर सिंह (50) और अवध राम पटेल (50) मवेशी चराने जंगल गए थे। अचानक बारिश के कारण नदी में जलस्तर बढ़ गया। दोनों ग्रामीण दोपहर से अहिरन नदी के बीच फंस गए।ग्रामीणों ने शाम को प्रशासन को सूचना दी। तहसीलदार दर्री बजरंग साहू, थाना प्रभारी और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे और तेज बहाव के बीच बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण था। टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत की। रस्सी और नाव की मदद से रात 11 बजे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू कर रहे नगर सेना के जवान ने बताया कि नदी के बीच तक पहुंचना मुश्किल था। नाव से तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में दोनों को बचाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, चरवाहे अक्सर मवेशी चराने नदी के उस पार जाते हैं। बरसात में अहिरन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे ऐसी स्थिति बनती है। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से नदी-नालों के तेज बहाव में न उतरने और बरसात के मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।