दो बाइक में टक्कर, एक युवक की मौत, पाली न्यायालय चौक के पास…- भारत संपर्क
दो बाइक में टक्कर, एक युवक की मौत, पाली न्यायालय चौक के पास हुआ हादसा
कोरबा। विकासखंड पाली अंतर्गत गांव बनबांधा से गणेश विसर्जन देखने पाली जा रहे युवकों की बाइक विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इसमें तीन युवक घायल हो गए। एक युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि दो युवकों अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई। विकासखंड पाली अंतर्गत गांव बनबांधा का रहने वाला अन्नु गोंड उम्र 22 वर्ष अपने दो अन्य साथी अरूण खैरवार और पुष्पराज खैरवार बाइक से गणेश प्रतिमा का विसर्जन देखने पाली जा रहे थे। युवक पाली न्यायालय चौक के पास पहुंचे थे कि एक विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। आमने-सामने हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। घटना में अन्नू गोंड़, अरूण और पुष्पराज के सिर में गंभीर चोटें आई। घटनास्थल पर खून पसर गया। घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। परीक्षण कर डॉक्टर ने अन्नू को मृत घोषित कर दिया। जबकि अरूण और पुष्पराज का इलाज जारी है। दूसरी बाइक पर सवार युवकों को भी आंशिक चोटें आई है। हालांकि टक्कर के बाद दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पाली पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
बॉक्स
बाइक की टक्कर से महिला घायल
बांगो क्षत्र के मोरगा बाजार से वापस लौट रही महिला को तेजरफ्तार बाइक ने ठोकर मार दिया। हादसे में ग्राम टिहलीसरई निवासी कलासो बाई उम्र 35 वर्ष घायल हो गई। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। कलासो बाई मोरगा बाजार में सब्जी खरीदने गई थी। वापस लौट रही थी। ग्राम केंदई मेनरोड के पास तेजरफ्तार बाइक ने ठोकर मार दिया। आरोपी बाइक क्रमांक सीजी 11 एमएस 2294 का चालक ग्राम बुगराभांठा में रहने वाला पहर सिंह है।