
रायपुर. राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का आतंक सामने आया है. तीन नकाबपोश लुटेरों ने Meesho कंपनी के एक डिलीवरी ब्वॉय को रास्ते में घेरकर चाकू की नोक पर लूटपाट की. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सुनसान रास्ते पर बाइक सवार बदमाशों ने घेरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बोडरा निवासी हितेश लोधी (22 वर्ष) मीशो कंपनी में बतौर डिलीवरी ब्वॉय काम करता है. वह ग्राम गनौद में पार्सल डिलीवर करने के बाद दोपहर करीब दो बजे गनौद और धमनी के बीच की सड़क से गुजर रहा था. तभी एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांधकर हितेश को रुकने का इशारा किया.
चाकू दिखाकर धमकाया और पर्स-मोबाइल छीना
जैसे ही पीड़ित रुका, दो आरोपी अपनी बाइक से उतरे और उसके बड़े डिलीवरी बैग को जबरन खींचने लगे. विरोध करने पर एक आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर पीड़ित पर तान दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद बदमाशों ने बैग से पीड़ित का पर्स निकाला, जिसमें 4,000 रुपये नकद और लगभग 21,499 रुपये कीमत का मोबाइल फोन मौजूद था.
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
लूट की वारदात के बाद तीनों आरोपी कुल 25,499 रुपये का सामान और नकद लेकर भाग निकले. घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों के साथ मंदिर हसौद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त में जुट गई है.
Leave a Reply