📅 Thursday, 8 October 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 24 घंटे में 1.27 क्विंटल गांजा जब्त; 6 आरोपी पकड़े गए

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
रायपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 24 घंटे में 1.27 क्विंटल गांजा जब्त; 6 आरोपी पकड़े गए

image

रायपुर. राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है. एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 1 क्विंटल 27 किलो 299 ग्राम गांजा जब्त किया. पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये है.

इन मामलों में पांच वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है. दोनों प्रकरणों में पुलिस अब गांजे के स्रोत और इसे रायपुर में खपाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.

ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पहली कार्रवाई 7 अक्टूबर को गंज थाना क्षेत्र में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ऑटो में तीन लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं. इसके बाद टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली.

पुलिस के अनुसार, ऑटो में सवार मुकुंद शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू के सामान की जांच की गई. ट्रॉली बैग की तलाशी में 82.51 किलो गांजा बरामद हुआ.

इस मामले में तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये बताई है.

टाटीबंध में ग्राहक तलाशते मिले संदिग्ध
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर को आमानाका थाना क्षेत्र में की गई. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कान टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं.

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की. तलाशी के दौरान कान्हू डाकुआ और सुमित भट्टाचार्य के पास से 44.799 किलो गांजा बरामद होने का दावा किया गया. उनके साथ एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी मिला.

पुलिस के मुताबिक, इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 22.39 लाख रुपये है. मामले में आमानाका थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.

सप्लायर से खरीदार तक नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
दोनों मामलों में आरोपियों के अलग-अलग राज्यों से संबंध सामने आए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और रायपुर में इसकी सप्लाई किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी.

जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही हैं. पुलिस का फोकस गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत से लेकर स्थानीय खरीदारों तक पहुंचने पर है.

85 मामलों में 190 आरोपियों पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

इन कार्रवाइयों में गांजा समेत विभिन्न प्रतिबंधित मादक पदार्थ और नशीली दवाएं जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस के अनुसार, अब तक जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 6.31 करोड़ रुपये है.

पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *