IND vs ZIM: टी-20 सीरीज को लेकर बोलीं स्मृति मंधाना, हर मैच को खेला जाएगा अक्रामक; 2028 विश्वकप की तैयारी पर नजर
स्मृति मंधाना, भारतीय कप्तानHighLights
- टी-20 सीरीज को लेकर बोलीं कप्तान स्मृति
- भविष्य की तैयारी के लिए मैदान पर उतरेंगे
- खेल के तीनों विभाग पर टीम काम करेगी
, रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में जीत के साथ भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने के लक्ष्य से मैदान पर उतरेगी।
कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम का लक्ष्य सीरीज के तीनों मुकाबले जीतना है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच 16, 18 और 20 अक्टूबर को टी-20 मैच खेले जाएंगे।
मंधाना ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में टीम ने कई क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में छोटी-छोटी कमियों को दूर कर टीम अपने प्रदर्शन को और बेहतर बना सकती है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को टीम की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरेंगे।
तीसरे नंबर के लिए कई विकल्प
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टीम के पास कई विकल्प हैं। जेमिमा रोड्रिग्स की चोट के बाद अनुष्का, निक्की और कोमलिका जैसी युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला है। मंधाना ने कहा कि यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
2028 विश्व कप की तैयारी भी लक्ष्य
मंधाना ने कहा कि टीम का ध्यान केवल तत्काल नतीजों पर नहीं है। फिटनेस, बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में लगातार सुधार दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। पिछले दो टी-20 विश्व कप में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाने से मिली सीख पर टीम काम कर रही है। जिम्बाब्वे सीरीज को भी 2028 विश्व कप की तैयारी की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- IND vs ZIM: टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की प्रैक्टिस, टिकटों की ऑनलाइन बिक्री हुई शुरू; इस ऐप से करिए टिकट बुक
नेतृत्व में स्पष्ट संवाद पर जोर
कप्तानी की जिम्मेदारी पर मंधाना ने कहा कि वह खिलाड़ियों के बीच स्पष्ट संवाद, भरोसे और परिस्थितियों के अनुसार तेज फैसलों पर ध्यान देंगी। उनका लक्ष्य ऐसी टीम तैयार करना है जो किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर न रहे। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को उसकी भूमिका समझाना और आत्मविश्वास देना नेतृत्व का अहम हिस्सा है।
रायपुर में आक्रामक क्रिकेट खेलेगी टीम
रायपुर की पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल बताते हुए मंधाना ने कहा कि भारतीय टीम आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश करेगी। गेंदबाजों का लक्ष्य जिम्बाब्वे को दबाव में रखकर कम स्कोर पर रोकना होगा।
यह भी पढ़ें- IND vs WI: हैदराबाद टी-20 मुकाबले से पहले टिकटों की कालाबाजारी, फ्री का पास 6,000 रुपये में बेचा, HCA के सदस्य समेत चार गिरफ्तार
Leave a Reply