
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दरिमा-बेलखरिखा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को मंजूरी दी गई है. छत्तीसगढ़ शासन ने इस परियोजना के लिए 22 करोड़ 10 लाख 7 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है. इसके तहत वर्तमान में तीन मीटर चौड़ी सड़क को सात मीटर चौड़े टू-लेन मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के लगभग 21 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा तक पहुंचना आसान होगा.
एनएच-130 से एयरपोर्ट तक आवागमन होगा आसान
दरिमा-बेलखरिखा मार्ग अंबिकापुर-दरिमा-नवानगर मुख्य जिला मार्ग को लहपटरा-बेलखरिखा मुख्य जिला मार्ग से जोड़ता है. यह मार्ग आगे राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से भी जुड़ता है. वर्ष 2001-02 में निर्मित इस सड़क पर एयरपोर्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग और मैनपाट पर्यटन क्षेत्र से जुड़े होने के कारण यातायात का दबाव रहता है.
परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के साथ 10 पुल-पुलियों तथा 110 मीटर नाली का निर्माण भी किया जाएगा. इससे सड़क की उपयोगिता बढ़ेगी और क्षेत्र में आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा.
मैनपाट जाने वाले पर्यटकों को मिलेगी राहत
सड़क के उन्नयन से मैनपाट जाने वाले पर्यटक दरिमा के रास्ते आसानी से पहुंच सकेंगे. इस मार्ग के उपयोग से उनकी यात्रा लगभग 18 किलोमीटर तक कम हो सकती है. इसके अलावा एयरपोर्ट के आसपास स्थित गांवों का अंबिकापुर शहर से संपर्क बेहतर होगा.
नई सड़क से स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. किसानों को अपनी कृषि उपज और स्थानीय उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में भी आसानी होगी.
पर्यटन, व्यापार और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
बेहतर सड़क सुविधा से क्षेत्र में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी. मजबूत संपर्क व्यवस्था से आसपास के गांवों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना से सरगुजा जिले की सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी. सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीण संपर्क और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
Leave a Reply