📅 Tuesday, 10 November 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

अमृत भारत योजना से बदलेगी उसलापुर स्टेशन की तस्वीर, 400 नई सीटें बढ़ेंगी; 24 ट्रेनों के यात्रियों को राहत

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
अमृत भारत योजना से बदलेगी उसलापुर स्टेशन की तस्वीर, 400 नई सीटें बढ़ेंगी; 24 ट्रेनों के यात्रियों को राहत

image

बिलासपुर. उसलापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को जल्द ही बैठने की बेहतर सुविधा मिलने वाली है. प्लेटफार्म पर कुर्सियों की कमी के कारण यात्रियों को अब तक बैग या फर्श पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन जल्द ही यह समस्या दूर होने की उम्मीद है. अमृत भारत स्टेशन योजना के दूसरे चरण के तहत स्टेशन पर 400 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की तैयारी है. वहीं, यात्रियों को तत्काल राहत देने के लिए एक सप्ताह के भीतर 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी.

दरअसल, बिलासपुर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल उसलापुर में यात्रियों की संख्या लगातार बनी रहती है. खासकर प्लेटफार्म नंबर-2 पर बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. खाली सीट नहीं मिलने पर यात्री अपने बैग पर बैठने को मजबूर होते हैं. कई बार बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों को प्लेटफार्म के फर्श पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ता है.

यात्रियों की इस परेशानी को सामने लाए जाने के बाद रेल प्रशासन ने स्थिति का आकलन किया है. हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन की निर्धारित श्रेणी के अनुसार मौजूदा बैठने की व्यवस्था पर्याप्त है. इसके बावजूद यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं.

एक सप्ताह में 100 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था

यात्रियों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्लेटफार्म नंबर-1 और 2 पर अतिरिक्त बैठने की सुविधा विकसित की जाएगी. इसके तहत 100 यात्रियों के बैठने का इंतजाम अगले सात दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है. इससे ट्रेन के इंतजार में खड़े रहने या जमीन पर बैठने की मजबूरी काफी हद तक कम होगी.

अमृत भारत योजना के दूसरे चरण में बढ़ेंगी 400 सीटें

उसलापुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के दूसरे चरण का काम शुरू हो चुका है. इस चरण में यात्रियों की बैठक क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है. योजना के तहत स्टेशन पर 400 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था प्रस्तावित है. हालांकि इस काम को पूरा होने में समय लगेगा, इसलिए रेलवे ने पहले 100 सीटों की अस्थायी व्यवस्था करने का निर्णय लिया है.

रोजाना 24 ट्रेनों का होता है ठहराव

उसलापुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं. यहां अप और डाउन दिशा की कुल 24 ट्रेनों का ठहराव होता है. अलग-अलग समय पर ट्रेनों के पहुंचने के कारण प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ बनी रहती है.

अधिकांश ट्रेनों का ठहराव प्लेटफार्म नंबर-2 पर होने से यहां बैठने की जगह की मांग ज्यादा रहती है. कोई अपने गंतव्य तक जाने वाली ट्रेन का इंतजार करता है तो कोई दूसरे शहरों से आने वाले परिजनों को लेने पहुंचता है. ऐसे में नई सीटें उपलब्ध होने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *