सरगुजा पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे के विशेष अभियान में 88 फरार वारंटी गिरफ्तार
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- अपराधियों पर नकेल कसने सरगुजा पुलिस का सख्त संदेश।
- थाना कोतवाली और गांधीनगर पुलिस ने की सबसे ज्यादा कार्रवाई।
- 14 साल पुराने मामलों के फरार आरोपी भी भेजे गए जेल।
, अंबिकापुर : एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में सरगुजा पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए गए 24 घंटे के विशेष अभियान में सफलता हासिल की है। जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर कुल 88 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इनमें 69 स्थाई वारंट और 19 गिरफ्तारी वारंट के आरोपित शामिल हैं।
एसएसपी के निर्देश पर सभी थाना-चौकी प्रभारियों ने अपनी टीम के साथ सुबह-सुबह वारंटियों के घरों पर औचक दस्तक दी। कार्रवाई में पूरे जिले से वारंटियों को पकड़ा गया। अभियान में थाना कोतवाली ने सबसे अधिक 30 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया।
थाना गांधीनगर ने 14 स्थाई और एक गिरफ्तारी वारंट, मणिपुर ने सात स्थाई और एक गिरफ्तारी वारंट, सीतापुर ने चार स्थाई वारंट, बतौली ने दो स्थाई और एक गिरफ्तारी वारंट, दरिमा ने दो स्थाई वारंट, लखनपुर ने चार स्थाई वारंट, उदयपुर ने दो स्थाई और तीन गिरफ्तारी वारंट, धौरपुर ने दो स्थाई और नौ गिरफ्तारी वारंट, लुंड्रा ने एक स्थाई और दो गिरफ्तारी वारंट तथा कमलेश्वरपुर ने एक स्थाई और दो गिरफ्तारी वारंट के आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।
यह भी पढ़ें- सरगुजा जिले में करंट की चपेट में आने से हथिनी की मौत, खेत की सुरक्षा के नाम पर जंगल में बिछाया था तार
थाना लखनपुर क्षेत्र में 14 वर्ष पुराने मारपीट के मामले में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसी तरह एनडीपीएस के प्रकरण में कोट बासपारा सीतापुर निवासी राजेश उर्फ भैरा का स्थाई वारंट जारी था, उसे भी लखनपुर पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारंटियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई में जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस बल सक्रिय रहा।
Leave a Reply