छत्तीसगढ़ के 13 गांवों को मिलेगा पानी; 8,454 हेक्टेयर भूमि होगी सिचिंत, 4 हजार किसानों को राहत
जशपुर में 79.38 करोड़ की हाईटेक सिंचाई परियोजना की सौगात।HighLights
- जशपुर में 79.38 करोड़ की हाईटेक सिंचाई परियोजना की सौगात
- छत्तीसगढ़ में पहली बार मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई प्रणाली
- किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता- मुख्यमंत्री
राज्य ब्यूरो, , रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना से 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा और 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
किसान अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई के अभाव में किसान मौसम और वर्षा पर निर्भर रहते हैं। परियोजना पूरी होने के बाद उन्हें खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा। इससे किसान साल में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।
मोबाइल से कर सकेंगे संचालन
साय ने बताया कि सिंचाई व्यवस्था का संचालन मोबाइल के माध्यम से किया जा सकेगा। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी होगा। बैराज से सालभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। समय पर सिंचाई से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और खेती की लागत कम करने तथा किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को बल मिलेगा।
यह भी पढ़ें- रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, स्वच्छता के लिए राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
इन गांवों को फायदा
बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित कुल 13 गांवों के किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और कृषि आधारित आजीविका मजबूत होगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply