बाराद्वार में E-POS मशीन ने राशन कार्ड को बताया अमान्य, बिना अनाज लौटे दर्जनों परिवार
E-POS मशीन में तकनीकी खराबी के कारण आया मैसेज।HighLights
- ई-पॉस मशीन में राशन कार्ड इनवैलिड बताने से परेशानी।
- राज्य से केंद्र के सर्वर पर डेटा अपडेट की प्रक्रिया जारी।
- खाद्य विभाग ने जल्द समस्या समाधान का दिया भरोसा।
, बाराद्वार। सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में तकनीकी खामी ने पात्र उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। उचित मूल्य की दुकानों में लगी ई-पॉस मशीन राशन कार्ड को ही इनवैलिड (अमान्य) बता रही है। नतीजतन नवंबर माह का राशन लेने पहुंच रहे उपभोक्ताओं को बिना अनाज लिए वापस लौटना पड़ रहा है।
बाराद्वार क्षेत्र में दर्जनों राशन कार्डधारियों के सामने यह समस्या आने से उनके परिवारों के लिए राशन की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय उपभोक्ता देवेंद्र यादव सहित अन्य हितग्राही जब नवंबर माह का राशन लेने उचित मूल्य दुकान पहुंचे तो ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगाने और राशन कार्ड नंबर दर्ज करने के बावजूद उनका कार्ड अमान्य बताने लगा।
उचित मूल्य दुकान संचालक के अनुसार यह समस्या किसी एक-दो उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है। क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक लाभार्थियों के राशन कार्ड मशीन में इनवैलिड दिख रहे हैं। तकनीकी गड़बड़ी के कारण पात्र होने के बावजूद उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पा रहा है।
यह भी पढ़ें- पहले भाइयों को दिया मृत्यु का श्राप, फिर जीभ में कांटा चुभाकर किया प्रायश्चित
सर्वर में डेटा अपडेट होने से आ रही समस्या इस संबंध में सक्ती जिले के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तर से लाभार्थियों का डेटा केंद्र सरकार के मुख्य सर्वर पर भेजे जाने के कारण यह तकनीकी समस्या सामने आई है।
फिलहाल डेटा अपडेट और मिलान की प्रक्रिया चल रही है। इस वजह से कुछ राशन कार्ड अस्थायी रूप से अमान्य प्रदर्शित हो रहे हैं।
अधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि केंद्र के सर्वर पर डेटा अपडेट होते ही आगामी कुछ दिनों में समस्या दूर हो जाएगी और सभी पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से राशन मिल सकेगा।
Leave a Reply