‘तू डायन है’ कहकर हथौड़ी से कुचला सिर, अंबिकापुर में महिला की हत्या में 4 गिरफ्तार
अंबिकापुर में टोनही के शक में महिला की हत्या। (एआई जनरेटेड)HighLights
- बलरामपुर में बुजुर्ग विधवा की हथौड़ी से हत्या।
- जादू-टोने के शक में दिया वारदात को अंजाम।
- दो महिलाओं की मौत का मृतका पर था शक।
, अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां पंडोपारा में एक बुजुर्ग विधवा की हत्या कर दी गई। दो महिलाओं की बीमारी से हुई मौत को जादू-टोना मानकर चार आरोपितों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपित देवकुमार देवांगन (26), मुनेश अगरिया (45), शिवनाथ नगेशिया (56) और रामप्रसाद पंडो (35) ने एकराय होकर घटना कारित की। दो आरोपित घर के बाहर पहरा देते रहे और दो ने अंदर घुसकर हथौड़ी से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
डायन और टोनही बताकर हथौड़ी से किया वार
- पुलिस के अनुसार घटना नौ नवंबर की रात करीब नौ बजे की है। आरोपित देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी की दो सप्ताह पहले बीमारी से मौत हुई थी, वहीं आरोपित मुनेश अगरिया की मां सिबनी की तीन सप्ताह पहले बुखार से मौत हुई थी। दोनों अपनी मां की मौत का कारण मृतका रजपतिया पंडो को मान बैठे और उसे टोनही कहने लगे। चारों आरोपित नौ नवंबर की रात मृतका रजपतिया के घर पहुंचे। साजिश के तहत रामप्रसाद पंडो और शिवनाथ नगेशिया घर के बाहर पहरा देने लगे, ताकि कोई घर में न आ सके।
पुलिस ऐसे पहुंची हत्यारोपितों तक
- घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।डाग स्क्वायड की मदद ली गई। पूछताछ में पता चला कि मृतका के पति की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। वह अलग घर में अकेले रहती थी।सौतेले बेटे ही उसकी देखभाल करते थे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 160 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य, उपार्जन केंद्रों पर मिलेगी माइक्रो एटीएम की सुविधा
जनजागरूकता बेहद जरूरी
जागरूकता की कमी से ऐसी घटनाएं होती हैं। जनजागरूकता बेहद जरूरी है। कमजोर सामाजिक संरचना और आत्मकेंद्रित दृष्टिकोण, शिक्षा का अभाव भी महत्वपूर्ण कारक होते हैं। ऐसी घटनाओं के पीछे यह भी देखना चाहिए कि आरोपितों को ऐसा करके कुछ दूसरा लाभ तो नहीं होने वाला था। पारिवारिक विघटन भी एक कारक होता है।
डॉ तृप्ति विश्वास, विभागाध्यक्ष, मनोविज्ञान, राजीव गांधी शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर
Leave a Reply