अकबर खान और तैयब हुसैन का नाम पुलिस की गुंडा सूची में दर्ज,…- भारत संपर्क

आकाश दत्त मिश्रा

सत्ता का खेल भी निराला होता है ।कुछ महीने पहले ही जिन लोगों की शहर में तूती बोलती थी, जिनके इशारे पर थाने ऑपरेट होते थे और बाकायदा थाने में बैठकर गाली गलौज करने की उनकी वीडियो वायरल होती थी, उनके ही खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होने लगी है। बिलासपुर में भू माफिया और अपराध के पर्याय बन चुके अकबर खान और तैयब हुसैन का नाम पुलिस ने गुंडा सूची में जोड़ दिया है। आपको बता दे की आत्महत्या के लिए मजबूर करने के जिस मामले में पिछले रविवार को अकबर खान की गिरफ्तारी हुई है, उसी मामले में पुलिस को अब भी फरार तैय्यब हुसैन की तलाश है

तैय्यब हुसैन कांग्रेस का पार्षद और ब्लॉक अध्यक्ष था लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री का ऐसा संरक्षण कि उसने विधायक का कॉलर पकड़ लिया। अकबर खान के खिलाफ तो न जाने कितने अपराध दर्ज है। अकबर खान के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने पर दाऊद के नाम की धमकी मिलती है। इससे ही आप उसका खौफ समझ सकते हैं। बिलासपुर में आत्महत्या के लिए मजबूर करने के दो मामलों में अकबर खान और तैयब हुसैन का नाम शामिल है, जिसमें पिछले दिनों अकबर खान की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पूर्व में आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए आदतन बदमाश और गुंडा की लिस्ट में देवनंदन नगर फेस वन निवासी अकबर खान और मसानगंज निवासी तैयब हुसैन को शामिल किया गया है, जिनके खिलाफ साल 2002 से लगातार आपराधिक गतिविधियों जैसे मारपीट , गुंडागर्दी, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी, शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना, जुआ आत्महत्या करने के लिए प्रेरित करने जैसे गंभीर मामले पंजीबद्ध है, इसलिए उनके नाम गुंडा सूची में शामिल किए गए हैं। विडंबना देखिए, पुलिस की सूची में जो लोग गुंडा है, वे कांग्रेस के पदाधिकारी भी हैं और इसी कांग्रेस के पूर्व विधायक छोटी-छोटी घटनाओं के बाद अपराध कम न होने को लेकर मीडिया में चिंता जाहिर करते रहते हैं।
