बिलासपुर में 38.89 करोड़ रुपये से मिलेगी 145 विकास कार्यों को गति
न्यायधानी की तस्वीर बदलेगी: अधोसंरचना विकास के लिए 38.89 करोड़ मंजूरHighLights
- बिलासपुर को 38 करोड़ 89 लाख की स्वीकृति
- विधायक निधि से 67 लाख के 5 काम
- सामुदायिक भवन और शेड का होगा निर्माण
, बिलासपुर। न्यायधानी के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम बिलासपुर को अधोसंरचना मद के तहत 38 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये की अंतिम स्वीकृति दे दी है। इस भारी-भरकम राशि से शहर के विभिन्न वार्डों में 145 विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इसके समानांतर, स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक निधि (वर्ष 2026-27) से 67 लाख रुपये के पांच महत्वपूर्ण कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। इन स्वीकृतियों से शहरवासियों को सामुदायिक भवन, शेड और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक निधि से इन पांच कार्यों की मिली सौगात
वार्ड क्रमांक 1 (गीतांजलि विहार): शिव मंदिर के पास शेड एवं अन्य निर्माण कार्य के लिए 7 लाख रुपये।
वार्ड क्रमांक 26: भोयरा मरार पटेल समाज के सामुदायिक भवन के तृतीय तल पर हॉल व दो कमरों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये।
वार्ड क्रमांक 44 (शंकर नगर): ईशिता पार्क के समीप नए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये।
वार्ड क्रमांक 67 (सरकंडा लोधीपारा): जर्जर सामुदायिक भवन के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये।
पेयजल व्यवस्था (जोन 3, 4, 5, 6 व 8): इन पांचों जोन में पेयजल आपूर्ति के लिए नए वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के लिए 15 लाख रुपये।
विकास को मिलेगी नई गति: अमर अग्रवाल
स्वीकृति पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर के हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधोसंरचना मद से मिली यह राशि शहर के विकास को एक नया आयाम देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनआकांक्षाओं के अनुरूप शहर को संवारने का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Leave a Reply