📅 Friday, 27 November 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स को CM विष्णुदेव साय ने बताया डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, 16 कैटेगरी में हुए अवॉर्ड्स

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स को CM विष्णुदेव साय ने बताया डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, 16 कैटेगरी में हुए अवॉर्ड्स

image

रायपुर. छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स अब प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन, खान-पान, लोककला और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल होकर क्रिएटर्स को प्रदेश का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बताया. उन्होंने कहा कि कंटेंट क्रिएटर्स अपनी रचनात्मकता और कैमरे के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं.

16 श्रेणियों में सम्मानित हुए प्रदेश के क्रिएटर्स

कार्यक्रम में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के आधार पर पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर्स का चयन किया गया. कुल 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए. फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज सूचना, संवाद और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है. क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों, जनहित और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर, सीएम साय ने साझा किए जीवन के अनुभव

युवा क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए. पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई थी.

पढ़ाई के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए. गांव के लोगों ने उन्हें पंच और सरपंच चुना. इसके बाद जनता के विश्वास और आशीर्वाद से उन्हें विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला.

किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य

खेती-किसानी पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और किसानों की समस्याओं को समझते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए काम कर रही है. प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है. पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है.

नक्सलवाद के खिलाफ सफलता के बाद बस्तर में शांति और विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खात्मे को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के साहस से 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली.

उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है, लेकिन अब क्षेत्र में शांति और विश्वास का माहौल बन रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर के बच्चे बिना डर के स्कूल जाएं, युवा अपने सपने पूरे करें और परिवार खुशहाल जीवन बिताएं.

बस्तर में 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच, गांवों तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बस्तर में संचालित विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए नियद नेल्लानार योजना के तहत दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है.

इसके अलावा बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है. दूरस्थ क्षेत्रों में राशन दुकानों और दूरसंचार सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है.

युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं. नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है. एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है.

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयास आवासीय विद्यालय, विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग और 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं. वहीं बस्तर के जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल को शिक्षा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया.

2047 तक विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है. उन्होंने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति, चार महानगरों से कनेक्टिविटी, प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा को राज्य की ताकत बताया.

प्रदेश में लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे खनिजों की उपलब्धता के साथ टिन उत्पादन में छत्तीसगढ़ की विशेष भूमिका है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रदेश के खनिज राजस्व में 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है.

क्रिएटर्स से बस्तर-सरगुजा और स्थानीय उत्पादों को प्रमोट करने की अपील

मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और पर्यटन स्थलों को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तथा डिजिटल मार्केटिंग के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहयोग करने को कहा.

उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स की एक छोटी सी रील भी किसी महिला के व्यवसाय को नई पहचान दिलाकर उसके परिवार की जिंदगी बदल सकती है. युवाओं को नशे से दूर रहने, इंटरनेट और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने, खेलकूद, व्यायाम और परिवार के साथ समय बिताने की भी सलाह दी.

क्रिएटर्स के साथ सेल्फी, विजेताओं को दी बधाई

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवा क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया, उनके सवालों के जवाब दिए और पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है. मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *