बुलेट की टक्कर से सांड की मौत, शराब के नशे में था चालक- भारत संपर्क
बुलेट की टक्कर से सांड की मौत, शराब के नशे में था चालक
कोरबा। बुधवारी बाजार घंटाघर के बीच बुलेट की ठोकर से एक सांड की मौत हो गई। घटना में बुलेट चालक को भी चोटें आई है। घटना के समय चालक शराब के नशे में थे। चालक अपने परिचित से बुलेट मांगकर ले गया था। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। बुलेट सीजी-12एजेड-7556 में सवार होकर एक युवक बुधवारी बाजार से घंटाघर होकर निहारिका की ओर जा रहा था। घंटाघर के पास पहुंचा था कि सड़क पर बुलेट के सामने एक सांड आ गया। बुलेट चालक खुद को नियंत्रित नहीं कर पाया और वह सांड को सामने से ठोकर मार दिया। बुलेट की स्पीड इतनी अधिक थी कि सांड के सिर अैर पेट में गंभीर चोटें आई। सांड सड़क पर गिर गया। इसके थोड़ी देर बाद सांड की मौत हो गई। घटना में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। उसे अंदरूनी चोटें आई है। घटना को देखकर आसपास के लोग डर गए और राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हादसे की जानकारी डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस बुलेट और उसके चालक को ले गई। घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है वहीं मृत सांड को छत्तीसगढ़ वेलफेयर सोसायटी की ओर से सड़क से हटाया गया।