गेवरा -कोरबा से लेकर चांपा के बीच के रेलवे क्रॉसिंग होंगे…- भारत संपर्क

गेवरा -कोरबा से लेकर चांपा के बीच के रेलवे क्रॉसिंग होंगे बंद, लोगों को फाटक खुलने का नहीं करना पड़ेगा इंतजार
कोरबा। रेलवे प्रबंधन रेलवे क्रॉसिंग के फाटकों को बंद करने के लिए काम कर रही है। इसके लिए गति शक्ति यूनिट के नाम से अलग विंग भी बनाई है। इससे रेलवे फाटक में कर्मचारियों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। लोगों को भी फाटक खुलने का इंतजार नहीं रहेगा। इसके लिए यातायात के हिसाब से योजना बनाई जा रही है। शहरी क्षेत्र में ओवरब्रिज के साथ अंडरब्रिज बनाने की योजना है। गेवरा -कोरबा से लेकर चांपा के बीच एक-एक कर रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अंडरब्रिज और ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। राज्य शासन ने मड़वारानी, पताढ़ी और बालपुर अंडरब्रिज बनाने की मंजूरी दी है। अभी तक दो स्थानों में कोरबा व उरगा में ओवरब्रिज बना है। इमलीछापर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। शहर में ओवरब्रिज का निर्माण राज्य शासन ने किया है। इसी तरह स्टेट हाईवे उरगा से हाटी के बीच भैसमा रेलवे क्रॉसिंग पर पीडब्ल्यूडी की सेतु निगम ने ओवरब्रिज का निर्माण कराया है। इमलीछापर कुसमुंडा में एसईसीएल के सीएसआर मद से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इसी तरह संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर खनिज न्यास और रेलवे के संयुक्त फंड से अंडरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसकी मंजूरी मिलने के साथ ही प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण ने टेंडर के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। पताढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को पारकर ग्रामीण बस्ती पहुंचते हैं। इसलिए यहां अंडरब्रिज का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। इसी तरह मड़वारानी रेलवे क्रॉसिंग पर सबसे अधिक व्यस्त यातायात रहता है।अंडरब्रिज की हाइट बहुत कम होती है। इस वजह से भारी वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाती है। इसमें केवल छोटे वाहन नहीं गुजर सकते हैं। इसी वजह से सोहागपुर रेलवे फाटक के पास अंडरब्रिज को ही बंद करना पड़ गया। रेलवे की इस योजना का लाभ लोगों को जरूर मिलेगा। शहर के इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग व बरबसपुर रिंग रोड पर यातायात का सबसे अधिक दबाव रहता है। दोनों ही मार्ग पर भारी वाहन गुजरते हैं। इस वजह से ओवरब्रिज बनाने के लिए बोरिंग और सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इमलीडुग्गू में अंडरब्रिज का निर्माण भी कराया जाएगा। रेलवे प्रबंधन इसका प्रस्ताव दे चुकी है। इस वजह से नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा।कोरबा जिले की सीमा पर बसे सिवनी से उमरेली मार्ग पर भी रेलवे क्रॉसिंग है। यहां पर भी अंडरब्रिज बनाने के लिए रेलवे तैयारी कर रही है। इस मार्ग से होकर लोग सक्ती की ओर आवाजाही करते हैं। इसके कारण भी यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसके आगे से ही नेशनल हाईवे की फोरलेन सडक़ गुजरी है। सरगबुंदिया और सुखरीकला रेलवे फाटक भी अगले चरण में शामिल है। दोनों ही मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इन स्थानों पर ओवरब्रिज की मांग भी हो चुकी है। रेलवे लाइन के विस्तार की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे लोगों का विरोध भी नहीं होगा।