“चेतना” अभियान ने पूरे किए सफलतम एक वर्ष, समर कैम्प का भव्य…- भारत संपर्क

0
“चेतना” अभियान ने पूरे किए सफलतम एक वर्ष, समर कैम्प का भव्य…- भारत संपर्क

बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित सामुदायिक पुलिसिंग पहल “चेतना” ने अपने पहले वर्ष की सफल यात्रा पूर्ण कर ली है। इसी क्रम में दिनांक 01 जून 2025 को पुलिस लाइन, बिलासपुर स्थित पुलिस ग्राउंड में “आओ संवारे कल अपना” समर कैम्प के समापन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल (भाप्रसे) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भापुसे) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता केरकेट्टा, श्री रोशन आहूजा, रक्षित निरीक्षक श्री भूपेन्द्र गुप्ता सहित अनेक पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, समाजसेवी संस्थाएं, गैर-सरकारी संगठन तथा जागरूक नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने चेतना अभियान की एक वर्ष की यात्रा साझा करते हुए बताया कि यह पहल समाज और पुलिस के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि नशा उन्मूलन, साइबर अपराध जागरूकता, महिला सुरक्षा, बाल अधिकार, पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर हजारों लोगों को इस अभियान से जोड़ा गया है।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में प्रशासन और समाज के समन्वय को जनकल्याण की कुंजी बताया। उन्होंने चेतना अभियान और समर कैम्प को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में प्रभावी पहल बताया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि चेतना से लाभान्वित कुछ प्रतिभागियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। नशा छोड़ने का आत्मविश्वासी निर्णय, साइबर अपराध से बचाव की सीख, और आत्मरक्षा में प्रशिक्षण जैसे अनुभवों ने कार्यक्रम को संवेदनशीलता से भर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई शोभा
कार्यक्रम की शुरुआत समृद्धि मानिकपुरी द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद पुलिस स्टेडियम ताइक्वांडो ग्रुप द्वारा आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया गया। आर्या अग्रवाल ने मोबाइल की लत पर एक सशक्त भाषण दिया। जीवधरणी फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत मुरिया नृत्य और महमंद के बच्चों द्वारा प्रस्तुत पर्यावरण संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। श्रीमती सुजाता माणिक का दण्ड संचालन प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।

“चेतना मित्र” सम्मान से बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर चेतना अभियान में सहयोग देने वाले समाजसेवियों, संस्थाओं और पुलिस अधिकारियों को “चेतना मित्र” सम्मान प्रदान किया गया। इन्हें मंच से बैज लगाकर सम्मानित किया गया। समर कैम्प में भाग लेने वाले बच्चों और प्रशिक्षकों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा द्वारा भावपूर्ण धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी सहयोगियों, बच्चों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि बिलासपुर पुलिस चेतना जैसे अभियानों को और अधिक सशक्त रूप में आगे बढ़ाएगी।

यह आयोजन न केवल चेतना अभियान की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि समाज और पुलिस के बीच साझेदारी के संकल्प का सशक्त प्रतीक भी रहा।


Post Views: 2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

UP: फेक डॉक्यूमेंट्स के जरिए 700 अपराधियों को दिलवाए बेल, LLB के छात्र ने ग… – भारत संपर्क| नीतीश-मांझी के गढ़ में राहुल गांधी, दलित-अतिपिछड़े को साधकर लगाएंगे वोटबैंक…| मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने की सौजन्य मुलाकात – भारत संपर्क न्यूज़ …| कान पकड़कर मुर्गा बने छात्र! डीएलएड छात्रों का प्रदर्शन बना चर्चा का विषय, मगर…| इंग्लैंड पहुंची टीम इंडिया, कैप्टन शुभमन गिल 10 दिन में बना देंगे जीत की प्… – भारत संपर्क