अंबिकापुर में NSUI छात्र नेता की धमकी से तंग आकर BA छात्रा ने लगाई फांसी… थाने के बाहर ABVP का जोरदार प्रदर्शन
अंबिकापुर आत्महत्या मामला: जीजा के घर मिली 19 वर्षीय छात्रा की लाश (प्रतीकात्मक फोटो)HighLights
- पीजी कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा जीजा के घर रहती थी
- पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने निष्पक्ष जांच की मांग की
- ABVP का गांधीनगर थाने के बाहर प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
, अंबिकापुर। शहर के पटपरिया इलाके में बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह ने अपने जीजा के घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अंबिकापुर के पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और अपने जीजा नीलेश कुमार गुप्ता के निवास पर रहती थी। घटना के बाद परिजनों ने एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी पर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सहेलियों से मिली ब्लैकमेलिंग की जानकारी
छात्रा के जीजा नीलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अंतरा स्वभाव से काफी मिलनसार और हंसमुख थी तथा घटना के दिन भी सब कुछ सामान्य था। देर रात जब वह बिस्तर पर नहीं दिखी, तो उन्होंने अपनी पत्नी को देखने भेजा। पत्नी ने बाथरूम की खिड़की से झांका तो अंतरा का शव फांसी पर झूल रहा था।
नीलेश के अनुसार, अंतरा की सहेलियों से जानकारी मिली है कि छात्र नेता ज्ञान तिवारी उसके मोबाइल चैट या वीडियो का हवाला देकर उसे लगातार धमका और ब्लैकमेल कर रहा था।
ABVP का प्रदर्शन और पूर्व डिप्टी सीएम का बयान
घटना के विरोध में और आरोपी छात्र नेता पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात गांधीनगर थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। मामले पर पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह एक बेहद दुखद घटना है। सामने आ रही बातों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक दिलीप दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply